पुलिस भर्ती का फर्जी नोटिफिकेशन बनाकर व्हाट्सऐप पर वायरल, अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज

मुंबई, राज्यभर में पुलिस भर्ती का फर्जी नोटिफिकेशन बनाकर व्हाट्सऐप पर वायरल करने के मामले में मरीन ड्राइव पुलिस ने एक अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि इस फेक नोटिफिकेशन के जरिए सरकार और पुलिस में भर्ती होने के इच्छुक उम्मीदवारों को फंसाने की कोशिश की गई है। अब इसका खुलासा होने पर जांच शुरू किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार व्हाट्सऐप पर शेयर किए गए अधिसूचना में गृह विभाग के सचिव का नाम और मूल सरकारी आदेश की क्रम संख्या भी थी। गृह विभाग के सचिव अनिल कुलकर्णी ने मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। कुलकर्णी पुलिस विभाग में कांस्टेबल से लेकर पुलिस इंस्पेक्टर रैंक तक के स्थापना-संबंधी कार्य देखते हैं और उनके हस्ताक्षर से विषय से संबंधित सरकारी आदेश जारी किए जाते हैं। शिकायत के अनुसार शनिवार को कुलकर्णी को पुलिस महानिदेशक कार्यालय अधीक्षक (प्रशिक्षण) शंकर कुलकर्णी का व्हाट्सएप संदेश मिला था। संदेश में महाराष्ट्र पुलिस भर्ती के संबंध में सरकारी आदेश की एक प्रति थी।