महाराष्ट्र में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में इंस्पेक्टर ने की आत्महत्या...सुसाइड नोट में क्या लिखा?
महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के धुले जिले में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में एक पुलिस इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान प्रवीण विश्वनाथ कदम के रूप में हुई है. इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर मंगलवार को घटना से पहले एक नोट छोड़ा था जिसमें उसने लिखा था उसके सुसाइड के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाए.
अधिकारी ने आगे बताया कि 21 नवंबर को पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था. इस समारोह की तैयारी में मंगलवार दोपहर को प्रवीण विश्वनाथ कदम ने हिस्सा लिया था. दरअसल, प्रवीण विश्वनाथ कदम पुणे से आने के बाद 2019 से धुले के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में तैनात था. अधिकारी ने बताया कि मंगलवार की शाम को जब उनके कुछ दोस्तों ने कमरे का दरवाजा बंद पाया तो दरवाजे को खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.
इसके बाद दोस्तों नेे खिड़की से झांककर देखा तो प्रवीण विश्वनाथ कदम फंदे पर लटका हुआ था. उन्होंने तुरंत थाने में इंस्पेक्टर नितिन देशमुख को सूचना दी. इसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. अधिकारी ने कहा कि उन्हें कमरे में एक नोट मिला है जिसे प्रवीण विश्वनाथ कदम ने लिखा था. इसमें उन्होंने लिखा था कि उनकी मौत के लिए किसी को दोषी न ठहराया जाए. पुलिस ने कहा कि नासिक में रहने वाले उनके परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है. वहीं अधिकारी ने कहा कि इस मामले में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है.
