खुदकुशी का दिखावा करने में अपनी बेटी का कर दिया कत्ल!

नागपुर, नागपुर से एक हैरान कर देनेवाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग बेटी अपने बाप की शैतानी षड्यंत्र की बलि चढ़ गई। दरअसल ४० वर्षीय व्यक्ति ने अपने रिश्तेदारों को फंसाने के लिए अपनी किशोरी बेटी को सुसाइड नोट लिखने के लिए बरगलाया तथा फिर उसे खुदकुशी का दिखावा करने के लिए कहा। इसके चलते उसने वास्तव में अपनी बेटी का कत्ल कर दिया।
पुलिस के अनुसार नागपुर शहर के कलामना क्षेत्र में ६ नवंबर को १६ वर्षीय लड़की अपने घर में पंखे से लटकी मिली थी। पुलिस ने बताया कि मजदूरी करने वाले व्यक्ति को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कत्ल के पीछे की मंशा का पता लगाने के लिए तहकीकात कर रही है। कलामना पुलिस थाने के अफसर ने बताया कि पुलिस ने कमरे से मिले पांच सुसाइड नोट के आधार पर आरंभ में लड़की की सौतेली मां, चाचा, चाची एवं दादा-दादी के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। हालांकि पीड़िता के पिता के मोबाइल फोन की तहकीकात से पता चला कि खुदकुशी जैसी नजर आनेवाली घटना के पीछे एक शैतानी षड्यंत्र था। पुलिस अफसर ने कहा कि मोबाइल फोन में हमें पीड़िता की खुदकुशी का प्रयास करते हुए एक तस्वीर मिली। बाद में ये पता चला कि उसने अपनी बेटी को ऐसा नाटक करने के लिए कहा था, जैसे कि वह स्वयं को फांसी के फंदे से लटका रही हो और एक तस्वीर क्लिक की। उसके बाद उसने स्टूल को गिरा दिया, जिससे लड़की की मौत हो गई। उसने कहा कि वह अपने रिश्तेदारों को सबक सिखाना चाहता है।
नाबालिग की मौत के बाद घर से बाहर निकलकर पुलिस को फोन किया तथा दावा किया कि वह किसी काम से बाहर निकला था तथा लौटने पर उसने पाया कि उसकी बेटी ने स्वयं फांसी लगा ली है। पुलिस ने आरंभ में ५ रिश्तेदारों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत खुदखुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। जांचकर्ताओं को बाद में एहसास हुआ कि कुछ गड़बड़ है। जब पिता से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पुलिस को बताया कि उसने ही अपनी बेटी का कत्ल किया है। उसकी पहली पत्नी ने २०१६ में अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी तथा दूसरी पत्नी भी घर छोड़ चुकी थी। उस व्यक्ति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अपराध के पीछे की मंशा की जांच कर रही है।