मध्य और पश्चिम रेलवे ने रखरखाव के लिए मेगा ब्लॉक और पावर ब्लॉक
मुंबई, लोकल ट्रेन की रफ्तार पर आज ब्रेक रहेगा। रविवार यानी आज मध्य और पश्चिम रेलवे ने रखरखाव के लिए मेगा ब्लॉक और पावर ब्लॉक लिया है। ब्लॉक के दौरान माटुंगा-मुलुंड अप और डाउन फास्ट लाइन पर सुबह ११.०५ बजे से दोपहर ३.५५ बजे तक एवं पनवेल-वाशी अप और डाउन हार्बर लाइन पर सुबह ११.०५ बजे से शाम ४.०५ बजे तक रखरखाव के कार्य किए जाएंगे।
मेन लाइन पर माटुंगा-मुलुंड अप और डाउन फास्ट लाइन पर ब्लॉक के कारण सुबह १०.२५ बजे से दोपहर ३.३५ बजे तक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से छूटनेवाली डाउन फास्ट लाइन की सेवाएं डाउन स्लो लाइन पर माटुंगा और मुलुंड के बीच डायवर्ट की जाएंगी और शेड्यूल के अनुसार स्टेशनों पर रुकेंगी, वहीं पनवेल-वाशी अप और डाउन हार्बर लाइन पर ब्लॉक के कारण सुबह १०.३३ बजे से दोपहर ३.४९ बजे तक पनवेल, बेलापुर से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई, गोरेगांव के लिए छूटनेवाली अप हार्बर लाइन की सेवाएं और सुबह ९.४५ बजे से दोपहर ३.१२ बजे तक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से पनवेल, बेलापुर के लिए छूटनेवाली डाउन हार्बर लाइन की सेवाएं रद्द रहेंगी।
