नदी के पुल के नीचे विस्फोटक सामग्री मिलने से खलबली
मुंबई, मुंबई-गोवा हाई-वे पर रायगढ़ जिले के पेन स्थित भोगावती नदी के पुल के नीचे गुरुवार रात को विस्फोटक सामग्री मिलने से लोगों में खलबली मच गई। इसके बाद तुरंत मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने जिलेटिन की छड़ों को नदी से बाहर निकाल कर नष्ट कर दिया है। बता दें कि मुंबई पुलिस द्वारा दो दिन पहले ही आतंकी हमले को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में जिलेटिन की ये छड़ें मिलने से पुलिस भी अलर्ट हो गई है। इस मामले में रायगढ़ क्राइम ब्रांच और एटीएस ने जांच शुरू की है।
रायगढ़ एसपी सोमनाथ घर्गे ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि भोगावती नदी पर पुल के नीचे बिजली के सर्किट और एक घड़ी से जुड़ी छह जिलेटिन की छड़ों के दो गुच्छे मिले हैं। इसकी सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर सावधानी बरतने के लिए एक तरफ के सड़क को बंद कर दिया गया था। इसके बाद बम निरोधक दस्ते की मदद से इसे नष्ट किया गया। देर रात तक नदी में पुलिस की टीम छानबीन करती रही। हालांकि ये छड़ें कहां से और वैसे आई ? इस बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। रायगढ़ पुलिस, आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) और नई मुंबई से एक बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटे रहे। अधिकारी ने कहा कि इलाके में व्यापक तलाशी ली गई और आगे की जांच जारी है। पुलिस और एटीएस किसी भी एंगल को अभी रूल आउट नहीं कर रही है। हर एंगल से मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। एटीएस का कहना है कि चिंता करने जैसी कोई बात नहीं है। एटीएस सूत्रों के मुताबिक जिस तरह से विस्फोटक को एक-दूसरे से बांधकर और उसे केबल से कनेक्ट किया गया है, वो चौंकाने वाला है। दरअसल लैंड ब्लास्ट के लिए इस तरह से विस्फोटक नहीं बनाए जाते हैं। सूत्रों की मानें तो जो विस्फोटक मिला है, वो डायनामाइट भी हो सकता है लेकिन अभी इस बारे में जांच चल रही है।
