ड्रोन, छोटे विमानों पर लगाई रोक, मुंबई पर हो सकता है टेरर अटैक!

मुंबई, आर्थिक राजधानी मुंबई में एक बार फिर से ‘टेरर अटैक’ का साया मंडराने लगा है। मुंबई पुलिस के तरफ से ‘टेरर अटैक’ को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि ड्रोन और छोटे विमानों से आतंकी हमले को अंजाम दिया जा सकता है। इस इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हो गई हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुंबई में रिमोट कंट्रोल चलित विमान से भी हमले का अलर्ट है। मुंबई में केवल प्रमुख स्थान ही नहीं, बल्कि कहा जा रहा है कि आतंकवादी वीवीआईपी को भी निशाना बना सकते हैं। इसी को देखते हुए मुंबई में ड्रोन के उड़ाने पर पाबंदी लगा दी गई है। मुंबई पुलिस द्वारा जारी आदेश में साफ कहा गया है कि अगर कोई भी इन नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ आईपीसी की धारा १८८ के तहत कार्रवाई की जाएगी। १३ नवंबर से १२ दिसंबर तक ड्रोन, रिमोट से नियंत्रित विमान, पैराग्लाइडर, निजी हेलीकॉप्टर और गर्म हवा के गुब्बारों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है, ताकि आतंकवादी गतिविधियों के लिए इन वस्तुओं के संभावित इस्तेमाल को कम किया जा सके। यह आदेश २६ नवंबर, २००८ को मुंबई में हुए घातक आतंकी हमले की बरसी के तहत जारी किया गया है, जिसमें १६६ लोग मारे गए थे।