मई में पूरा होगा हिमालय पुल का काम
मुंबई, छत्रपति शिवाजी पार्क टर्मिनस के निकट स्थित हिमालय पुल की नइया सात महीनों में पार होगी। बताया गया है कि पुल का निर्माण कार्य मई माह के आखिरी दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होते ही पुल को नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा। यहां स्टील का ब्रिज और टाइम्स ऑफ इंडिया इमारत के बगल से स्वचालित सीढ़ी लगाई जाएगी। यह जानकारी अतिरिक्त आयुक्त पी. वेलारासू ने दी है।
अंधेरी में जुलाई २०१८ को गोखले पुल धराशायी हो गया था। इस हादसे में दो लोगों की मौतें हुई थीं। इसके साथ ही छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्थित हिमालय पुल भी १४ मार्च २०१९ को गिर गया था। इस हादसे में सात निर्दोषों की जान गई थीं। इन घटनाओं के बाद मुंबई में स्थित पुलों का मुद्दा गरमा गया था। इसे गंभीरता से लेते हुए मनपा प्रशासन ने मुंबई में स्थित सभी सड़कों पर मौजूद पुल, उड़ान पुल, रेलवे पुल और पादचारी पुलों का स्ट्रक्चरल ऑडिट करते हुए खतरनाक पुलों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम तेज गति से शुरू कर दिया था। इसमें हिमालय पुल को स्टील से बनाया जा रहा है। इसके लिए पुल के दोनों तरफ पिलर का निर्माण किया जा चुका है, जबकि दूसरे स्थान पर स्टील का गर्डर तैयार करके यहां लाकर बैठाया जाएगा। अतिरिक्त आयुक्त पी. वेलारासू ने कहा कि गर्डर बनाने का काम पूरा होने के बाद कुछ ही दिनों में पुल को यातायात परिचालन के लिए खोला जा सकेगा। .
अंधेरी स्थित खतरनाक गोखले पूल के ऊपर से सात नवंबर से वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दिया गया है। मनपा की सीमा में स्थित इस पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि रेलवे की सीमा में स्थित ब्रिज अभी तक धराशायी नहीं किया जा सका है। ऐसे में मनपा की स्पष्ट भूमिका है कि इस पुल को रेलवे ही गिराए। पी. वेलारासू ने कहा है कि इसे लेकर कल निर्णायक बैठक होगी।
