सीट बेल्ट पहनने की समय सीमा ३१ दिसंबर,२०२२ तक बढ़ाने का अनुरोध

मुंबई, ट्रैफिक पुलिस की तरफ से किया जाने वाला `ऑपरेशन सीट बेल्ट’ पर ब्रेक लग गया है। फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए पिछली सीट पर बैठे हुए आदमी को बेल्ट पहनने का `टंटा’ टल गया है। गौरतलब है कि ट्रैफिक पुलिस की तरफ से पिछले दस दिनों से जागरूकता अभियान शुरू किया गया था। इसके तहत आज से पिछली सीट पर बैठे यात्रियों के सीट बेल्ट नहीं पहनने पर कार्रवाई की जानी थी।
बता दें कि मुंबई में १ नवंबर से चारपहिया वाहन चालकों समेत पीछे बैठने वालों को बेल्ट लगाना अनिवार्य किया गया था। ११ नवंबर २०२२ से यह नियम लागू किया जाना था। १५ दिन पहले ट्रैफिक विभाग ने सबको आगाह किया था और कहा था कि नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई शुरू होगी। गौरतलब है कि सायरस मिस्त्री की मौत के बाद नियम को लागू करने का निर्णय लिया गया था।
अब नागरिकों और टैक्सी चालकों द्वारा विरोध किए जाने के बाद इसे अनिश्चित काल के लिए टाल दिया गया है। मुंबई टैक्सीमेन यूनियन अध्यक्ष एंथनी क्वाड्रोस ने बताया कि हमने संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) को पत्र लिखकर सीट बेल्ट पहनने की समय सीमा ३१ दिसंबर,२०२२ तक बढ़ाने का अनुरोध किया है, क्योंकि कई टैक्सी ऑपरेटरों ने सीट बेल्ट हटा दिए हैं और सीट बेल्ट बाजार में उपलब्ध नहीं हैं। हमने कार निर्माताओं से सीट बेल्ट की आपूर्ति करने का अनुरोध किया है। डीसीपी (ट्रैफिक) राज तिलक रौशन ने बताया कि टैक्सी यूनियन और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच उनके सवालों के बारे में अभी भी चर्चा चल रही है। इस वजह से हमने अभियान को थोड़े समय के लिए स्थगित कर दिया है, जल्द ही ये कार्रवाई शुरू की जाएगी।