गरीब परिवार को १ लाख २९ हजार रुपए का बिजली बिल
पालघर, गरीब आदिवासियों को बिजली विभाग ने २५ हजार से सवा लाख रुपए तक का बिजली बिल भेज कर जोरदार ‘करंट’ लगाया है। पालघर जिले के दहानू स्थित धनीवरी कोठबीपाड़ा गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के एक लाभार्थी को एक लाख २९ हजार रुपए का मासिक बिल देकर बिजली विभाग ने तगड़ा झटका दिया है। जैसे ही परिवार को महावितरण के बिल के बारे में पता चला उनके होश उड़ गए। विशेष बात ये है कि गरीब परिवार को १ लाख २९ हजार रुपए का बिजली बिल थमाने के बाद विभाग उनकी सुनवाई भी नहीं कर रहा है।
बता दें कि पीड़ित अजीस बाबू गायकर के घर में केवल तीन बल्ब और एक पंखा ही है। गायकर परिवार को पिछले कई महीनों से उनके द्वारा की जानेवाली बिजली की खपत के बदले ३०० से ६०० रुपए का बिजली बिल मिल रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति विकट होने के बावजूद वे पिछले कई महीनों से नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान कर रहे थे। लेकिन अब इस परिवार का सितंबर माह का बिजली बिल १ लाख २९ हजार रुपए आ गया है। ऐसे में परिवार बेहद परेशान है।
