मुंबई में सीएनजी और पीएनजी के दामों में बढ़ोतरी
मुंबई, महानगर गैस लिमिटेड ने एक बार फिर मुंबई में सीएनजी और पीएनजी के दामों में बढ़ोतरी की है। ५ नवंबर से मुंबईकरों को एक किलो सीएनजी के लिए ८६ रुपए की बजाय ८९.५० रुपए देने होंगे, जबकि पीएनजी के लिए प्रति एससीएम ५४ रुपए खर्च करने होंगे। सीएनजी के दाम बढ़ने से एक बार फिर ऑटो-टैक्सी किराया बढ़ाने की मांग उठ सकती है। किराए में १ अक्टूबर को ही बढ़ोतरी की गई थी। जिसके बाद दूसरी बार सीएनजी के दाम बढ़ चुके हैं। मुंबई में काली-पीली टैक्सी का शुरुआती किराया २८ रुपए है, जिसे ३० रुपए किया जा सकता है। ऑटो का शुरुआती किराया २३ रुपए है जिसे २५ रुपए किया जा सकता है।
१ जुलाई २०२१ को मुंबई में सीएनजी की कीमत ४९.४० रुपए प्रति किलो थी। इसके बाद लगभग हर दो महीने में सीएनजी के दाम बढ़े हैं। २६ सितंबर २०२२ को मुंबई में सीएनजी की कीमत ८० रुपये प्रति किलो है। सवा साल में सीएनजी की दरें ४० रुपए प्रति किलो बढ़ी है।
