घर बैठे काम दिलाने का वादा कर महिला को १० लाख रुपए की चपत
ठाणे, ठाणे स्थित श्रीनगर पुलिस स्टेशन में एक ठगी का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में एक महिला वर्क फ्रॉम होम के चक्कर में ठगी की शिकार हो गई। एक ठग ने घर बैठे काम दिलाने और ८ हजार रुपए प्रति महीने दिलाने का वादा कर महिला को १० लाख रुपए की चपत लगा दी। पुलिस के मुताबिक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। बता दें कि ठगी गई ३५ वर्षीय महिला वागले इस्टेट इलाके में रहती है और क्लासेस चलाती है। ३ सितंबर को महिला के मोबाइल नंबर पर एक मैसेज आया। इसमें उसे वर्क फ्रॉम होम के लिए चुना गया है और उसे प्रतिदिन आठ हजार रुपए मिलेंगे, ऐसा मैसेज में कहा गया था। उसके बाद महिला को स्टेप बाय स्टेप कुछ लिंक भेजे गए। महिला को उस लिंक के जरिए भुगतान करने के लिए कहा गया था। इस लिंक पर महिला ने १० लाख ७० हजार ६४९ रुपए का भुगतान किया। इतनी बड़ी रकम का भुगतान करने के बावजूद उन्हें कोई काम नहीं दिया गया। ठगी का अहसास होने पर महिला ने श्रीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक तकनीकी माध्यम से आरोपी की तलाश की जा रही है।
