बच्चा चोर गिरोह का खुलासा, हैदराबाद में लगता है बाजार
मुंबई, मुंबई के फुटपाथ से बच्चे उठाकर उनसे भीख मंगवाया जाता है। इन छोटे-छोटे बच्चों को बेचने के लिए हैदराबाद में बाजार लगता है। ऐसे एक बच्चा चोर गिरोह का खुलासा मुंबई पुलिस ने किया है। इस मामले में गिरोह की दो महिलाओं को सोलापुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर एक वर्षीय बच्ची को मुक्त कराए जाने की जानकारी आयुक्त विवेक फणसलकर ने दी है।
उन्होंने बताया कि जुहू तारा रोड के फुटपाथ पर रहनेवाली मुस्कान शेख ने एक वर्ष की बच्ची के गुम होने की शिकायत सांताक्रुज पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। ३१ अक्टूबर को अपहरण की शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू दिया था। सीसीटीवी की जांच में पुलिस को एक महिला द्वारा बच्ची को सांताक्रुज रेलवे स्टेशन से नालासोपारा ले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद बच्ची को लेकर महिला हैदराबाद चली गई। इस जानकारी के मिलते ही पुलिस की एक टीम को हैदराबाद रवाना किया गया।
रवाना हुई पुलिस टीम को पता चला कि दो महिलाएं हैदराबाद से हुसैन सागर एक्सप्रेस ट्रेन से लौट रही हैं। इस जानकारी के आधार पर सोलापुर आरपीएफ के पुलिस उपनिरीक्षक राम सिंह, महानुरे और उर्वशी जायसवाल ने ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो महिलाओं के पास बच्ची दिखाई दी। इन महिलाओं को टिकट जांच के नाम पर ट्रेन से उतारा गया। साथ ही दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दी गई। इसके बाद बांद्रा क्राइम ब्रांच की टीम दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर मुंबई लाई है। इन महिलाओं के पास से बच्ची को बरामद किया गया है।
सूत्रों की मानें तो पूछताछ में महिलाओं ने खुलासा किया कि बच्ची को चोरी कर हैदराबाद में भीख मांगने के लिए बेचने गई थी लेकिन वहां बात नहीं बन पाई। इसके बाद वो वापस मुंबई आ रही थीं। यहां आने के बाद भी बच्ची से भीख मंगाने के लिए इस्तेमाल करने की बात कही जा रही है।
