ओमायक्रॉन के सब वैरिएंट ‘एक्सबीबी’ से काफी लोग संक्रमित

मुंबई, मुंबईकरों पर एक बार फिर कोरोना का खतरा मंडराने लगा है। इस बार ओमायक्रॉन के सब वैरिएंट ‘एक्सबीबी’ से काफी लोग संक्रमित हुए हैं। मनपा द्वारा जारी १६वें जीनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट में बताया गया है कि मुंबई में रहनेवाले २३४ संक्रमितों के नमूनों की जांच की गई। इनमें शत-प्रतिशत मरीज ओमायक्रॉन से संक्रमित मिले। रिपोर्ट में बताया गया है कि सबसे चिंता की बात यह है कि इसमें ओमायक्रॉन के सब वैरिएंट ‘एक्सबीबी’ से १५ फीसदी, जबकि ‘एक्सबीबी.१’ से १४ फीसदी मरीज संक्रमित पाए गए हैं। बता दें कि कोविड वायरस के नए सब वैरिएंट्स का पता लगाने के लिए जीनोम सिक्वेंसिंग अगस्त २०२१ से ही किया जा रहा है। इसके जरिए वायरस के कई वैरिएंट्स की पहचान की जाती है। उसके अनुसार उपचार की सही दिशा निर्धारित करना आसान हो जाता है। नतीजतन रोगियों का इलाज करना भी संभव है।
कुल २३४ नमूनों में से सभी में ओमायक्रॉन वैरिएंट मिला है। इसके अलावा १५ फीसदी अर्थात ३६ लोग ओमायक्रॉन के सब वैरिएंट एक्सबीबी और १४ फीसदी यानी ३३ लोग एक्सबीबी.१ से संक्रमित मिले हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि संक्रमितों में शून्य से २० साल के २४, २१ से ४० साल के ९४, ४१ से ६० साल के ६९, ६१ से ८० साल के ३६ और ८१ से १०० साल के ११ मरीज शामिल हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि २३४ संक्रमितों में से ८७ लोगों ने कोविड रोधी टीके की एक भी खुराक नहीं लगवाई। इनमें से १५ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालांकि एक भी मरीज को आईसीयू की जरूरत नहीं पड़ी।