जैकलीन है बेकसूर! सुकेश ने लिखा वकील को खत
मुंबई, तिहाड़ जेल से महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने तीन पन्नों का एक खत लिखा है। इस खत में सुकेश की तरफ से उनके जैकलीन के साथ रिश्ते को लेकर उनका बिजनेस और लोकसभा चुनाव को लेकर कई बड़े खुलासे किए गए हैं। २०० करोड़ से ज्यादा के ठगी मामले में जेल में बंद सुकेश ने अंग्रेजी में लिखा हुआ ये खत अपने वकील अनंत मलिक को भेजा है। खत भेजते हुए सुकेश की तरफ से ये भी कहा गया है कि ये लेटर सोशल मीडिया और मीडिया दोनों को फॉरवर्ड किया जाए। अपने खत में सुकेश ने जैकलीन के बारे में भी बात की हैं। उसने लिखा, ‘ये अफसोस की बात है कि मेरे साथ जैकलीन फर्नांडिस को भी पीएमएलए केस में आरोपी बनाया जा रहा है। मैं और जैकलीन रिलेशनशिप में थे और मैंने उसे और उसके परिवार को कुछ तोहफे दिए थे, लेकिन इसमें उनका क्या दोष है? उन्होंने मुझसे कभी भी प्यार के सिवा और कुछ नहीं मांगा। जैकलीन और उसके परिवार को जो तोहफे मैंने दिए, वो मेरी खून पसीने की कमाई है, जो मैंने कानूनी तौर से कमाई है। उनको और उनके परिवार को इस केस में घसीटना गलत है। मुझे विश्वास है कि वो खुद को बेकसूर साबित करेंगी।’ इस खत में सुकेश ने लिखा है कि उसके केस के बारे में कुछ बातें सभी को पता चले, इस उद्देश्य से उसने ये खत लिखा है। उसने लिखा, ‘सबसे पहले मेरे बारे में एक ऐसी तस्वीर बनाने की कोशिश की जा रही है कि मैंने कई लोगों के साथ फरेब करते हुए उनको ठगा है लेकिन मैं ये बात सबको बताना चाहता हूं कि ये सारे लोग न तो बच्चे हैं, न ही स्कूल जानेवाले भोले-भाले लोग हैं। वो सभी पढ़े-लिखे और ऊपर तक पहुंच वाले लोग हैं। आपको इस बात को सामने लाने की कोशिश करनी चाहिए कि क्या ये सारे लोग आंख बंद करके इस धोखे का शिकार बन गए।’
