नवी मुंबई में पेड़ों के लिए 9 नवंबर से होगी सुनवाई, NMMC ने जारी किया नोटिस

नवी मुंबई : वाशी स्थित महात्मा फुले जंक्शन से कोपरी जंक्शन तक उड़ान पुल बनने की तैयारी नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा की गई है, लेकिन इस पुल के निर्माण में 390 पेड़ बांधा बने हुए हैं, इनमें से 6 पेड़ों को काटने और 384 पेड़ों को स्थानांतरित करने की योजना महानगरपालिका द्वारा बनाई गई है।

उक्त उड़ान पुल से प्रभावित होने वाले पेड़ों की कटाई को लेकर महानगरपालिका ने 9 नवंबर 2022 से सुनवाई करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में महानगरपालिका के वृक्ष प्राधिकरण ने पेड़ों को लेकर आपत्ति दर्ज कराने वाले संबंधित लोगों को नोटिस भेजकर हाजिर होने को कहा है।

गौरतलब है कि ट्रैफिक जाम को दूर करने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका 361 करोड़ रुपए की लागत से महात्मा फुले जंक्शन से कोपरी जंक्शन तक उड़ान पुल बनाने जा रहा है। इस पुल के लिए 6 पेड़ काटे जाएंगे और 384 पेड़ों को स्थानांतरित किया जाएगा। इस पुल से 384 पेड़ प्रभावित होंगे, जिसे महानगरपालिका के वृक्ष प्राधिकरण ने उनके पुनर्रोपण के लिए नागरिकों से सुझाव और आपत्ति मांगी थी।

जिस पर 9 नवंबर से सुनवाई होगी। कहा जाता है कि इस उड़ान पुल का जल्द से जल्द निर्माण के लिए मंत्रालय की ओर से महानगरपालिका पर दबाव है। राज्य में राजनीतिक अस्थिरता के चलते उक्त मुद्दा ठंडा पड़ गया था, लेकिन नई सरकार के स्थिर होने के बाद फिर से यह मुद्दा गरमा रहा है।

बड़ी संख्या में दी गई हैं सुझाव और आपत्तियां

गौरतलब है कि उक्त पेड़ की कटाई को रोकने के लिए नवी मुंबई के लोगों ने महानगरपालिका को बड़ी संख्या में सुझाव और आपत्तियां दी हैं। उक्त पेड़ों के संरक्षण के पर्यावरणविदों और कुछ सामाजिक संगठनों ने आवाज उठाई है और इसकी शिकायत राज्य के पर्यावरण विभाग से की है। इस संबंध में ऐरोली के विधायक गणेश नाईक ने पेड़ों को बचाने के लिए उड़ान पुल के निर्माण का सख्त विरोध किया है। इस पृष्ठभूमि में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि महानगरपालिका का वृक्ष प्राधिकरण इस मामले में नवी मुंबईकरों की भावनाओं का कितना सम्मान करता है।