गैस के टैंकर में शराब! पुलिस भी रह गई दंग!
मुंबई, नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिस की लगातार कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस से बचने के लिए शराब माफिया नए-नए जुगाड़ कर रास्ते निकाल रहे हैं। लेकिन पुलिस ने शराब तस्करों का खेल उस समय खराब कर दिया जब तस्कर गैस के टैंकर में शराब लेकर जा रहे थे। शराब तस्करी का नया मामला धार जिले के सादलपुर थाने में देखने को मिला। जिस तरह साउथ की फिल्म ‘पुष्पा’ में चंदन की लकड़ियों को पुलिस की निगाहों से छुपाकर ले जाने के लिए दूध के टैंकर का इस्तेमाल करना बताया गया था। उसी तरह शराब तस्करों ने शराब को ले जाने के लिए गैस के टैंकर का इस्तेमाल किया है। लेकिन यह टैंकर पुष्पा फिल्म की तरह सरहद पार नहीं कर सका। बता दें कि सादलपुर पुलिस ने शनिवार को बग्गड़ रोड पर सूचना के आधार पर एक टैंकर को पकड़ा था। पुलिस ३६ घंटों तक इस टैंकर की जांच में उलझी रही। इसकी वजह यह थी कि इस टैंकर के ऊपर इंडेन गैस का लोगो लगा था और गैस टैंकर के इस्तेमाल में ही उपयोग होने की तर्ज पर बना हुआ था लेकिन शंका पर पुलिस ने इसकी जांच शुरू की। जैसे-तैसे टैंकर को पीछे से खुलवाया तो अंदर का हाल देखकर पुलिस भी दंग रह गई।
टैंकर के अंदर शराब की पेटियां भरी हुई थीं। रविवार को दोपहर में टैंकर खुलने के बाद पेटियों को निकालने का सिलसिला शुरू हुआ, जो खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। देर शाम तक पुलिस टैंकर के अंदर से ५०० शराब की पेटियां निकाल चुकी थी इसके साथ ही पेटियों को निकालने का काम जारी था। जानकारी के अनुसार यह टैंकर रतलाम से निकला था। शराब की पेटियों को टैंकर से निकाला गया। अवैध शराब की कीमत लगभग १ करोड़ २४ लाख ८५ हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस जांच कर रही है कि यह शराब कहां से कहां ले जाई जा रही थी व अवैध शराब किसके द्वारा भेजी जा रही थी।
