आरे कॉलोनी के जंगली इलाके में बच्ची पर तेंदुए ने कर दिया हमला, मौत

मुंबई, गोरेगांव की आरे कॉलोनी के जंगली इलाके में  एक तेंदुए ने डेढ़ साल की मासूम को अपना शिकार बना दिया। पुलिस के मुताबिक घटना करीब सुबह साढ़े छह बजे हुई।
आरे पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना आरे के इकाई संख्या-15 में तब हुई, जब बच्ची अपनी मां का पीछा कर रही थी। बच्ची की मां अपने घर से करीब तीस फुट की दूरी पर स्थित मंदिर दर्शन करने जा रही थी। तभी तेंदुए ने बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
उन्होंने बताया, इसके बाद बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक सूचना के आधार हमने मामले में एक आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है। आगे जांच जारी है।
एक अधिकारी ने बताया, इस बीच वन विभाग ने इलाके में जानवरों के हमलों को रोकने के लिए एक कार्ययोजना बनाई है। वन विभाग के रेस्किंक एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेल्फेयर की एक टीम को मदद के लिए बुलाया गया है।
अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों ने क्षेत्र में मुंबई वन विभाग की एक वाइल्डलाइफ एम्बुलेंस,  वन्यजीव संकट प्रतिक्रिया टीम और स्वयंसेवकों को तैनात किया है।