प्रतिबंध के बाद भी चल रही थी संगठन की बैठक!
मुंबई, प्रतिबंध के बावजूद महाराष्ट्र में संगठन का विस्तार करने के लिए चोरी-छिपे पनवेल में ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ (पीएफआई) की बैठक चल रही थी। इसी दौरान महाराष्ट्र एटीएस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एटीएस ने उनके बैठक करने का मकसद पता करने के लिए जांच शुरू की है। महाराष्ट्र एटीएस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, फिर उनके खिलाफ मुंबई एटीएस की कालाचौकी ब्रांच में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में पीएफआई के राज्य विस्तार समिति का एक स्थानीय सदस्य, एक स्थानीय सचिव और दो अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। इन सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक पनवेल से गिरफ्तार पीएफआई कार्यकर्ता संगठन पर बैन लगाए जाने के कारण संगठन को मजबूत करने में जुटे थे। पनवेल ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण इसकी भनक किसी को न लगे, इस उद्देश्य से यहा मीटिंग रखी गई थी। इस मीटिंग में मुख्य रूप से पीएफआई के राज्य विस्तार समिति का पदाधिकारी आगे की रूपरेखा तय करनेवाला था। इसके लिए इसमें स्थानीय कमेटी के सचिव और दो करीबी सदस्यों को शामिल किया था। लेकिन उनका प्लान तैयार होता, उससे पहले एटीएस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
