मनसे के दीपोत्सव में पहुंचे सीएम-डिप्टी सीएम, शिंदे ने कहा, सभी दबे बैठे थे, अब ली है राहत की सांस

मुंबई।  शिवाजी पार्क में मनसे के दीपोत्सव कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हाजिर हुए। मुख्यमंत्री शिंदे ने दीपोत्सव का उद्घाटन करने के बाद महाविकास आघाड़ी सरकार के खिलाफ ताना मारा। उन्होंने कहा कि इस साल हमारी सरकार ने सभी त्योहारों को उत्साह के साथ मनाने का फैसला किया था। हमने यह वादा निभाया है। अब तक सब दबे हुए थे, हालांकि, अब सभी ने राहत की सांस ली है।
महाविकास आघाड़ी शासन के दौरान पिछले दो वर्षों से त्यौहार प्रतिबंधित थे। इसे लेकर शिंदे ने तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि मनसे के दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा लंबे समय से थी। शिंदे ने कहा कि यह सरकार आम लोगों की है। राज ठाकरे इस सरकार को उचित निर्देश दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज ठाकरे आधी रात को भी मांग कर सकते हैं। शिंदे ने यह भी कहा कि सरकार ने एनडीआरएफ के नियमों को दरकिनार कर राज्य के किसानों की मदद की है। राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राज्य में सूखा घोषित करने की मांग की है। ठाकरे की किसानों के प्रति भावनाओं का सम्मान किया जाएगा। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे की संकल्पना से पिछले 10 साल से शिवाजी पार्क में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री के शामिल होने से राजनीतिक समीकरण बदलने की चर्चा शुरू हो गई है।