पेट्रोल और डीजल के नाम पर लाखों रुपए के फर्जीवाड़े का खुलासा, कलंबोली पुलिस स्टेशन में पुलिस सिपाही सहित आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज
नई मुंबई, नई मुंबई पुलिस विभाग में पेट्रोल और डीजल के नाम पर लाखों रुपए के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। इस मामले में नई मुंबई पुलिस की तरफ से कलंबोली पुलिस स्टेशन में पुलिस सिपाही सहित आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। इसमें इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप संचालक और उसके कर्मचारियों को नामजद किया गया है। ये लोग फर्जी बिल बनाकर पैसा निकाल लेते थे। इसका खुलासा विभागीय ऑडिट से हुआ। उक्त कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
नई मुंबई पुलिस के अतिक्रमण विभाग के एपीआई मिलिंद वाघमारे की शिकायत पर मोटर विभाग के पुलिस सिपाही, खारघर के एक पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस में दर्ज कराए गए बयान में बताया गया है कि मोटर विभाग के पीएसआई रमेश गांगुर्डे नई मुंबई पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत वाहनों पर खर्च हुए ईंधन के बिल रिकॉर्ड चेक कर रहे थे। इसी दौरान ३ अगस्त को उन्हें खारघर स्थित पेट्रोल पंप का फर्जी बिल मिला, जिसके बाद उन्होंने आयुक्त को इस संदर्भ में रिपोर्ट किया।
उनकी जांच में पता चला कि मोटर विभाग में कार्यरत पुलिस ने ठाणे के खोपट में रहनेवाले एक व्यक्ति के पास जाकर पेट्रोल पंप का खराब बिल दिखाकर दो बिल बुक छपवा लिए। इसमें एक बुक पर ७५,७०१ से ७५,८०१ और दूसरे पर ७२,१०१ से ७२,१९९ लिखा हुआ था। इन दोनों बिल बुक पर नई मुंबई पुलिस आयुक्तालय मोटर विभाग के पुलिस निरीक्षक का स्टैंप भी खुद मारकर स्टैंप वहीं रख देता था। इसके बाद चाबी लेकर बंद वाहनों की जांच कर उनका नंबर लिखता था। उसके बाद मोटर विभाग के अमलदार के रिकॉर्ड में चलनेवाले वाहनों की किलोमीटर देखकर बिल बुक पर लिखता था। इसके बाद इस बिल को खारघर के पेट्रोल पंप को देता था। यह पेट्रोल पंप इंडियन ऑयल का है, जिसका पुलिस आयुक्तालय से करार कर उधारी पर ईंधन भरने का ठेका दिया गया था।
इस पेट्रोल पंप के चार कर्मचारियों के साथ मिलकर प्रति लीटर २० से २५ प्रतिशत कमीशन देकर बाकी पैसा खुद लेता था। इस तरह १ फरवरी २०२२ से लेकर अब तक ७ हजार लीटर से अधिक ईंधन, जिसकी कीमत ६ लाख ८३ हजार रुपए है, का घोटाला किए जाने का खुलासा हुआ है। इसके बाद कलंबोली पुलिस स्टेशन में पुलिस सहित पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर, मैनेजर और चार मजदूरों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कलंबोली पुलिस द्वारा कही गई है।
