फेरीवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें अन्यथा होगा आंदोलन!

ठाणे, ठाणे रेलवे स्टेशन के फुटब्रिज पर फेरीवालों ने ५२ वर्षीय महिला की पिटाई कर दी। इस मारपीट के बाद सांसद राजन विचारे ने मनपा, रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी पुलिस को पत्र लिखकर फेरीवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इतना ही नहीं, कार्रवाई न करने पर जनआंदोलन की चेतावनी देने के साथ ही उन्होंने मनपा और रेल प्रशासन के समन्वय से इस क्षेत्र में जिम्मेदार अधिकारी की नियुक्ति की भी मांग की है।
बता दें कि ठाणे रेलवे स्टेशन के फ्लाइओवर ब्रिज पर एक फेरीवाले ने कोपरी की रहनेवाली ५२ वर्षीय महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की। इस वजह से ठाणे रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगा है। ठाणे रेलवे स्टेशन और उसके आस-पास मनपा, रेलवे सुरक्षाबल, रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस के अधिकार क्षेत्र में हैं। इन फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई करते समय संबंधित विभागों द्वारा सीमा विवाद खड़ा किया जाता है और कार्रवाई से बचा जाता है। इसलिए शुक्रवार को ठाणे के सांसद राजन विचारे ने रेल महाप्रबंधक अनिल कुमार लाहोटी, मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर, रेलवे सुरक्षाबल के आयुक्त ऋषि शुक्ला और रेलवे पुलिस के आयुक्त वैâसर खालिद को पत्र लिखकर फेरीवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कहा है कि प्रशासन को सीमा विवाद से बाहर निकलने का रास्ता खोजने के लिए एक जिम्मेदार अधिकारी की नियुक्ति करनी चाहिए, ताकि इस संबंध में हॉकरमुक्त रेलवे स्टेशन बनने में मदद मिले। सांसद राजन विचारे ने मांग की है कि इसे ठाणे रेलवे स्टेशन से शुरू करने के साथ ही अन्य स्टेशनों में भी प्रयोग किया जाना चाहिए। कार्रवाई टाली जाने पर उन्होंने जनआंदोलन करने की भी चेतावनी दी है।