मुंबई की लोकल ट्रेन में सीट के लिए संग्राम, दो महिलाओं में जमकर मारपीट, पुलिसकर्मी समेत दो घायल
मुंबई: मुंबई की लोकल ट्रेन में सीट को लेकर महिला यात्रियों के बीच मारपीट हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा। पुलिस ने कहा कि मुंबई लोकल ट्रेन में एक सीट को लेकर हुई बहस में बुधवार रात एक महिला पुलिसकर्मी और एक अन्य यात्री घायल हो गए। घटना रात करीब आठ बजे पनवेल जाने वाली लोकल ट्रेन में हुई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा एक महिला और उसकी पोती, जो ठाणे से लोकल में सवार हुई थी और एक अन्य महिला जिसने कोपरखैरणे में ट्रेन पकड़ी थी, एक सीट खाली होने का इंतजार कर रही थी। तुर्भे स्टेशन पर एक सीट खाली हो गई जिसके बाद दादी ने अपनी पोती को सीट दिलाने का प्रयास किया। हालांकि उसी समय दूसरी महिला ने भी सीट पर बैठने की कोशिश की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और बाद में उनका झगड़ा हो गया, जिसमें अन्य यात्रियों और एक महिला पुलिसकर्मी के सिर पर चोटें आईं। इस मामले में दोनों महिलाओं ने एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इस मामले में वाशी रेलवे स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक एस कटारे ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीट को लेकर शुरू हुए विवाद में कुछ महिलाओं ने मारपीट हो गई थी। इस मारपीट में एक महिला पुलिसकर्मी भी घायल भी हो गई है। उसका इलाज कराया गया है।
