अंधेरी-पूर्व उप चुनाव : कांग्रेस का शिवसेना को समर्थन!
मुंबई, अंधेरी-पूर्व विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के शिवसेना विधायक रमेश लटके की आकस्मिक मृत्यु के कारण अंधेरी-पूर्व विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का उप चुनाव हो रहा है। इस चुनाव में कांग्रेस अपना समर्थन महाविकास आघाड़ी के रूप में शिवसेना उम्मीदवार को देगी, यह घोषणा कल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने की। इस संदर्भ में बोलते हुए नाना पटोले ने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद सांप्रदायिक भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से दूर रखने और महाराष्ट्र के हित के लिए महाविकास आघाड़ी की स्थापना की गई। राज्य में ढाई वर्ष तक महाविकास आघाड़ी की सरकार थी। इस सरकार ने किसानों की कर्ज माफी जैसे कई जनोपयोगी निर्णय लिए। कोरोना के महा भयंकर संकटकाल के समय देश में सर्वोत्तम काम किया, परंतु सत्ता पिपासु भारतीय जनता पार्टी ने ईडी, सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर शिवसेना विधायकों को तोड़कर महाविकास आघाड़ी सरकार को गिरा दिया। महाविकास आघाड़ी को तोड़ने के प्रयास में भाजपा सफल नहीं हुई इसलिए शिवसेना विधायकों को तोड़ा। भारतीय जनता पार्टी के विरोध में इस लड़ाई में महाविकास आघाड़ी के रूप में कांग्रेस पार्टी शिवसेना के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। अंधेरी-पूर्व विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस अपना उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारेगी और शिवसेना पार्टी का जो भी उम्मीदवार होगा, उसे चुनकर लाने के लिए कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरी ताकत से काम करेंगे, ऐसा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा।
मुंबई: बांद्रा-वर्ली सी-लिंक से सुसाइड करने वालों की जान बचाने वाले चेतन कदम मंगलवार रात तेज रफ्तार कार के सामने जिंदगी की जंग हार गए। मंगलवार देर रात सी-लिंक पर हुए हादसे में जान गंवाने वाले 36 वर्षीय चेतन कदम भी एक है। सी-लिंक पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने के पहले दिन से कदम वहां कार्यरत थे। 2009 में वह बतौर हेल्पर के तौर पर नौकरी की शुरुआत की थी। अपनी सूझबूझ और मेहनत की बदौलत कदम हेल्पर से सुपरवाइजर के पद पर पहुंच गए थे।कदम के मित्र ऐड.अमोल मातेले ने बताया कि चेतन बहुत ही जिंदादिल इंसान थे। अपनी इसी जिंदादिली और सूझबूझ के बल पर कदम में सी-लिंक पर सुसाइड करने वाले चार लोगों की जान बचाई है। कदम के इस कार्य की वजह से मुंबई पुलिस द्वारा उनको सम्मानित किया गया था।
सी-लिंक पर सुसाइड का कोई भी मामला सामने आने पर सुसाइड करने वाले को समझाने के लिए कदम को ही बुलाया जाता था। अमोल के अनुसार, कदम अपने घर में कमाने वाले इकलौते सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार में कोई कमाने वाला नहीं बचा है। कदम अपने पीछे चार साल का बच्चा, गर्भवती पत्नी, मां और बेरोजगार भाई छोड़ गए हैं। उनका परिवार दादर के फूल मार्केट के करीब किराए के घर में रहता है। कदम के 30 वर्षीय छोटे भाई की कोरोना काल में नौकरी छूट गई थी।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के सी-लिंक पर हुए हादसे की जांच करने का निर्णय लिया है। एमएसआरडीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पुलिस जांच रिपोर्ट और उनके जांच के नतीजे आने के बाद दुर्घटना से निपटने के लिए बने नियमों में बदलवा किया जाएगा। अधिकारी के अनुसार, रात 2.30 बजे के करीब सी-लिंक पर एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी टोल नाके को मिली थी। जानकारी मिलते ही करीब 10 कर्मी ऐम्बुलेंस और टोइंग वैन लेकर वहां पहुंच गए। कर्मियों द्वारा जब दुर्घटना ग्रस्त वाहन से जख्मियों को ऐम्बुलेंस में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार दूसरी कार ने वहां मौजूद कर्मियों को उड़ा दिया। इस घटना में बचाव कार्य में जुटे पांच कर्मियों की मौत हो गई। अधिकारी के अनुसार, जिस तेज रफ्तार कार के शिकार उक्त कर्मी हुए, उसके ड्राइवर के नशे में होने की आशंका है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
