शिवाजी पार्क में उद्धव ठाकरे गुट को रैली की इजाजत
मुंबई, हाईकोर्ट से शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे को शिवाजी पार्क में रैली करने की अनुमति मिलने की खबर के बाद मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र के शिवसैनिकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नई मुंबई में शिवसैनिकों ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। इस दौरान शिवसैनिकों ने कहा कि यह सत्य की विजय है। पिछले कई दिनों से मुंबई के शिवाजी पार्क में दशहरा रैली को लेकर घमासान मचा था। सीएम शिंदे के गुट में शामिल शिवसेना के गद्दारों की साजिशों के कारण शिवसेना ऐतिहासिक दशहरा रैली के होने पर आशंका के बादल मंडरा रहे थे। मुंबई महानगरपालिका द्वारा रैली की इजाजत नहीं दिए जाने के बाद शिवसेना ने मुंबई हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिसके विरोध में शिंदे गुट की तरफ से भी याचिका दायर की गई थी। कल कोर्ट ने शिंदे गुट की याचिका खारिज करते हुए उद्धव ठाकरे गुट को रैली की इजाजत दे दी। जिसके बाद शिवसैनिकों में हर्ष और उल्लास की जबरदस्त लहर देखने को मिली।
मुंबई उच्च न्यायालय क्या निर्णय देगा, इस ओर सभी शिवसैनिकों का ध्यान लगा हुआ था, शिवसेना भवन के बाहर दोपहर से ही शिवसैनिकों का जमावड़ा शुरू हो गया था, सायंकाल को जैसे ही उच्च न्यायालय ने दशहरा सम्मेलन शिवतीर्थ पर करने की अनुमति दी और इसकी घोषणा होते ही शिवसैनिकों ने जमकर जल्लोष मनाया। शिवसेना भवन और ‘मातोश्री’ पर हाथ में भगवा लहराते शिवसैनिकों ने ढोल-मजीरे की ताल पर गुलाल उड़ाते हुए पटाखे जलाए और मिठाइयां बांटकर आनंदोत्सव मनाया। साथ ही ‘जिंदाबाद-जिंदाबाद, शिवसेना जिंदाबाद’, ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ के नारे लगाए। इस अवसर पर शिवसैनिकों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर अभिनंदन किया। ‘मातोश्री’ निवास स्थान के बाहर जुटी शिवसैनिकों की अपार भीड़ में महिला शिवसैनिकों की संख्या आकर्षित करनेवाली थी, ढोल-मजीरे की ताल पर नृत्य करते हुए महिलाओं ने आनंद व्यक्त किया। ‘शिवाजी पार्क आमच्या साहेबांचे, नाही कुणाच्या बापाचे, पचास खोके, एकदम ओके’, ऐसी नारेबाजी करते हुए बागियों का निषेध इन महिलाओं ने यहां दर्ज कराया। इस अवसर पर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने ‘मातोश्री’ निवास स्थान पर इन महिला शिवसैनिकों को बुलाकर ‘यह मातृशक्ति हमारे साथ है, इसलिए ऐसी अनेक जीत हमें मिलेगी’, ऐसी भावना व्यक्त की।
