बारिश को लेकर फिर से अलर्ट, भारी बरसात से अब तक हो चुकी हैं 328 लोगों की मौत

महाराष्ट्र : महाराष्ट्र में इस हफ्ते भी मानसून के सक्रिय रहने से अलग-अलग जिलों में बारिश के आसार बने हुए हैं. मौसम केंद्र मुंबई ने महाराष्ट्र के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग की तरफ से सोमवार को जलगांव, नासिक, अहमदनगर, पुणे, औरंगाबाद, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, लातूर, उस्मानाबाद, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गोंदिया, गढ़चिरौली, वाशिम में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

वहीं मंगलवार के लिए जलगांव, अहमदनगर, पुणे, सोलापुर, औरंगाबाद, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, लातूर, उस्मानाबाद, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गोंदिया, गढ़चिरौली, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में येलो अलर्ट जारी किया गया है. बुधवार को जलगांव, अहमदनगर, पुणे, औरंगाबाद, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, लातूर, उस्मानाबाद, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गोंदिया, गढ़चिरौली, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में येलो अलर्ट रहेगा. गुरुवार के लिए औरंगाबाद, जालना, परभणी, हिंगोली, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गोंदिया, गढ़चिरौली, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा शुक्रवार और शनिवार को भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ-साथ गरज-चमक के साथ हल्की से भारी बारिश की संभावना है. वहीं बिजली गिरने की भी आशंका है. मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है. इस बीच मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मुंबई, रायगढ़, ठाणे, पालघर, सिंधुदुर्ग, धुले, रत्नागिरी, नंदूरबार और सांगली में भारी बारिश की संभावना कम है. आपको बता दें कि महाराष्ट्र में इस बार भारी बारिश से संबंधित घटनाओं में अब तक 328 लोगों की मौत हुई हैं. साथ ही 5,836 जानवरों की भी मौत हुई. दूसरी तरफ राज्य में वायु गुणवत्ता सूचकांक ज्यादातर शहरों में 'अच्छा से संतोषजनक' श्रेणी में दर्ज हो रहा है. इस सप्ताह भी इसी श्रेणी में रहने का अनुमान है.