आईसीसी टेस्ट रैंकिंग: शीर्ष से फिसले विराट कोहली, स्टीव स्मिथ बिना खेले नंबर वन


एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पहले मैच में कुल 200 रन बनाने के बाद पहले स्थान पर पहुंचे भारतीय कप्तान विराट कोहली एक सप्ताह बाद ही टेस्ट बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में अपना स्थान गंवा बैठे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की सोमवार को जारी टेस्ट बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में कोहली दूसरे स्थान पर आ गए हैं। लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में बल्ले से नाकामी के कारण कोहली को यह स्थान गंवाना पड़ा। इस मैच में इंग्लैंड ने भारत को पारी और 159 रनों से मात दी थी। वहीं, प्रतिबंध के कारण मैदान से दूर चल रहे पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ बिना कुछ किए एक बार फिर पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। स्मिथ के 929 अंक हैं जबकि कोहली के 919 अंक हैं। शीर्ष-10 में दो और बदलाव हुए हैं। लॉर्ड्स में 93 रनों का पारी खेल इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचाने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो तीन स्थान चढ़कर 9वें स्थान पर आ गए हैं। उनके कारण दक्षिण अफ्रीका के डीन एल्गर को एक स्थान नीचे 10वें स्थान पर आना पड़ा। इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान जोए रूट तीसरे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि चेतेश्वर पुजारा ने अपना छठा स्थान कायम रखा है।