17 अगस्त से महाराष्ट्र विधानमंडल का मानसून सत्र

मुंबई : महाराष्ट्र विधान मंडल का मानसून सत्र मुंबई में 17 से 25 अगस्त 2022 तक आयोजित किया जाएगा। गुरुवार को विधानसभा और विधान परिषद के कामकाज सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में यह निर्णय लिया गया। यह बैठक विधान भवन में आयोजित की गई, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधान परिषद उपाध्यक्ष डॉ. नीलम गोर्हे, विधानसभा उपाध्यक्ष नरहरी झिरवाल, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, चंद्रकांत पाटिल, दादा भुसे, उदय सामंत के अलावा विधानसभा में विपक्ष के नेता अजीत पवार और विधान परिषद के विपक्ष के नेता अंबादास दानवे समेत सभी दलों के प्रमुख नेता मौजूद रहे। सत्र के दौरान शुक्रवार 19 अगस्त को दही हांडी की छुट्टी रहेगी। वहीं 20 और 21 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश है। 24 अगस्त को स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विपक्ष ने बनाई रणनीति
मानसून सत्र में शिंदे सरकार को घेरने के लिए विपक्ष ने अपनी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। इसके तहत नेता विपक्ष अजीत पवार ने गुरुवार को विपक्षी दलों के साथ बैठक की। इस बैठक में कांग्रेस और शिवसेना के नेताओं ने भी भाग लिया। विपक्ष की योजना बाढ़ से प्रभावित किसानों के मुद्दे को जोर-शोर से उठाने के अलावा दागी विधायक संजय राठौड़ और अब्दुल सत्तार को मंत्री बनाए जाने को लेकर हंगामा खड़ा करने की है। महाराष्ट्र में शिंदे-फडणवीस सरकार के गठन के बाद नई सरकार का यह पहला मानसून सत्र है। वहीं, आघाडी नेताओं के लिए अब विपक्ष के रूप में चुनौती खड़ा करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
शरद पवार ने भी नेताओं के साथ किया मंथन
एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने भी अपने निवास सिल्वर ओक पर पार्टी नेताओं के साथ मंथन किया। इस बैठक में नेता विपक्ष अजीत पवार, प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल के अलावा सभी प्रमुख नेताओं ने भाग लिया। सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार ने विधान मंडल के मानसून सत्र के अलावा स्थानीय निकाय के चुनाव को लेकर अपने नेताओं का मार्गदर्शन किया है। वहीं विधान परिषद के नेता विपक्ष पर शिवसेना विधायक दानवे की नियुक्ति आघाडी में उठे तूफान को लेकर भी शरद पवार ने पार्टी नेताओं के साथ चर्चा की है।