शिंदे गुट के विधायकों पर बरसे आदित्य ठाकरे
मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में अभी भी आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में राज्य के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने शनिवार को शिंदे गुट के विधायकों पर एक बार फिर से हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शिवसेना के बागी विधायकों ने गोवा के होटल में ऐसे डांस किया जैसे वे किसी बार में हों। आदित्य ने आरोप लगाया कि उन्होंने गोवा के होटल को बार बना दिया था।
दरअसल, मुंबई के माहिम में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करते हुए बोलते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि एकनाथ शिंदे की सरकार लंबे समय तक नहीं चलेगी क्योंकि यह अवैध सरकार है। आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि इस सरकार ने महाराष्ट्र की प्रगति को रोक दिया। उन्होंने यह भी कहा कि 'उद्धव ठाकरे जैसे अच्छे आदमी' के साथ इन लोगों ने धोखा किया है।
गुवाहाटी और गोवा में 'बागी' विधायकों के व्यवहार की आलोचना करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि अगर वे असली शिवसैनिक होते तो वे जमीन पर होते। असम प्रशासन को बाढ़ से निपटने में मदद करने के बजाय वहां 'आनंद' लेने लगे। वे होटल के कमरों से पहाड़ और हरियाली का आनंद ले रहे थे। वे सब हमेशा देशद्रोही रहेंगे। गोवा में उन्होंने ऐसे डांस किया जैसे वे एक बार में थे।
मालूम हो कि गोवा के होटल में बागी विधायकों के डांस का वीडियो वायरल हुआ था। यह सब सामने आया था जब एकनाथ शिंदे के नाम की घोषणा महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री के रूप में की गई थी। बता दें कि महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट अभी टला नहीं है। शिंदे खेमा और उद्धव खेमा चुनाव चिन्ह के लिए सुप्रीम कोर्ट में लड़ रहे हैं।
उधर एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस सरकार की कैबिनेट का अभी तक कोई विस्तार नहीं हुआ है। इसी बीच महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार लटकने से अब मंत्री और राज्य मंत्रियों के अधिकार सचिवों को सौंपे गए हैं। महाराष्ट्र में मंत्री ना होने की वजह से कई विभागों के कामों पर असर पड़ रहा है जिसकी वजह से कई विकास के काम अटके पड़े हैं।
