मुंबई : 3 और पुलिसकर्मियों ने दी कोरोना को मात
मुंबई : मुंबई पुलिस के 3 और पुलिसकर्मी कोरोना महामारी को मात देकर काम पर लौटे. उनका जेजे पुलिस स्टेशन में सहकर्मियों ने फूल और ताली बजा कर गर्मजोशी स्वागत किया. पुलिसकर्मी काफी खुश थे. 2 दिन पहले ही गुरुवार को देवनार पुलिस स्टेशन के 3 पुलिसकर्मी कोरोना को मात देकर घर वापस आए थे. पुलिसकर्मियों के कोरोना महामारी से ठीक होकर आने से मुंबई पुलिस दल से मायूसी छटी है. मुंबई पुलिस प्रवक्ता प्रणय अशोक ने बताया कि शनिवार को जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक सरनाईक, उप निरीक्षक भिसे और सिपाही झेंडे कोरोना को मात देकर काम पर लौट आए हैं. जब शनिवार को तीनों पुलिसकर्मी जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में काम पर आए, तो सहकर्मियों ने उनका फूल बरसा कर और ताली बजा कर स्वागत किया.
नई जिंदगी पाने और काम पर लौटने वाले तीने पुलिसकर्मियों ने पुलिस स्टेशन की दहलीज पर मत्था टेक कर पुलिस स्टेशन में प्रवेश किया. इस दौरान कई पुलिसकर्मी भावुक हो गए और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक आए. जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन के 15 से अधिक पुलिसकर्मी कोरोना पाॅजिटिव पाए गए थे. पुलिस स्टेशन के सभी पुलिसकर्मियों को कोरेंटाइन कर उनकी जांच की गई थी. अब एक के बाद एक पुलिसकर्मी कोरोना को मात देकर काम पर लौट रहे हैं, तो उनके सहकर्मी काफी खुश हैं. गुरुवार को देवनार पुलिस स्टेशन के 53 वर्षीय हवलदार धनशेट्टी, 35 वर्षीय सिपाही गवली और 34 वर्षीय शिपाही वाघमारे पूरी तरह ठीक होकर घर आए थे.
