मुंबई : 583 कोरोना मरीज आईसीयू में, 198 वेंटिलेटर पर, 24 घंटे में 1566 नए पेशेंट

मुंबई : मुंबई में कोरोना के मिल रहे नए मरीजों के कारण अस्पतालों में जगह नहीं मिल पा रही है. मुंबई के बीएमसी और निजी अस्पतालों में कोरोना के 583 मरीज आइसीयू में हैं जिनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है, जबकि 198 मरीज वेंटिलेटर पर हैं. शनिवार को 1566 नए मरीज मिले और 40 लोगों की कोरोना से मौत हो गई. मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या 28,817 और मृतकों की संख्या 949 हो गई है. 

मुंबई में एक सप्ताह से प्रतिदिन लगभग कोरोना के  1500 नये मरीज मिल रहे हैं. जिसके कारण अस्पतालों में जगह कम पड़ गई है. बीएमसी और राज्य सरकार के अस्पतालों में 4056 तथा निजी अस्पतालों में 1336 मरीज भर्ती हैं. इसके अलावा कोरोना केयर सेंटर-2 में 3656 मरीज भर्ती किए गए हैं. शनिवार को 1059 संदिग्ध मरीज मिले जिन्हें भर्ती किया गया है. 

24 घंटे में जिन 40 मरीजों की मौत हुई उनमें से 25 पुरुष और 15 महिला थीं. 4 मरीजों की उम्र 40 वर्ष से कम, 15 मरीजों की उम्र 40 से 60 के बीच  और 21 मरीजों की उम्र 60 वर्ष से अधिक थी. बांद्रा के बीकेसी में 2026 बेड का अस्पताल बनकर तैयार है, लेकिन उसके लिए डॉक्टरों को ट्रेनिंग दी जा रही है. बीएमसी अधिकारी का कहना है कि डाँक्टरों की कमी है. बाहर से डॉक्टर आए हैं लेकिन उन्हें एक्सरे, आइसीयू और वेंटिलेटर संचालन की जानकारी नहीं है. हालांकि अधिकारी का कहना है कि रविवार से वहां मरीजों को भर्ती किया जाएगा.