मुंबई : राशन की कालाबाजारी, 2 आरोपी गिरफ्तार

मुंबई : दहिसर में लोगों को बांटने के लिए राशनिंग दुकान पर आए राशन की कालाबाजारी का मामला सामने आया है. क्राइम ब्रांच ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. क्राइम ब्रांच ने एक ट्रक में भरे 2 लाख 71 हजार 250 रुपए मूल्य के 217 बोरी गेहूं और भारतीय खाद्य निगम की 200 खाली बोरी जब्त किया.

क्राइम ब्रांच युनिट-12 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक सागर शिवलकर को गुप्त सूचना मिली कि दहिसर (प.) के वावन पाटील मार्ग स्थित कांदरपाड़ा इलाके में राशनिंग दुकान में लोगों को वितरित करने के लिए आने वाले राशन की कालाबाजारी हो रही है. पुलिस उपायुक्त अकबर पठान के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच युनिट-12 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक सागर शिवलकर, पुलिस निरीक्षक सचिन गवस और अतुल डहाके की टीम ने ट्रैप लगाकर कांदरपाड़ा इलाके एक ट्रक को पकड़ा. उस ट्रक में गेहूं बोरी में भर कर रखा जा रहा था.

राशनिंग दुकान में लोगों को वितरित करने के लिए आए गेहूं को भारतीय खाद्य निगम के बोरी से गेहूं दूसरे बोरी में भर कर बेचने के लिए ले जाने की तैयारी की जा रही थी. पुलिस ने 217 बोरी गेहूं से भरे ट्रक को जब्त कर लिया. इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उनकी पहचान ड्राइवर सुजीत राजभर (28) और व्यापारी दिनानाथ यादव (39) के रूप में हुई है.