मुंबई : बीजेपी का कल से ‘महाराष्ट्र बचाओ’ आंदोलन
मुंबई : महाराष्ट्र में कोरोना की समस्या दिनों दिन गंभीर होती जा रही है. इसके बावजूद राज्य सरकार उदासीन है. इस तरह का आरोप लगाते हुए बीजेपी ने राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार को जागृत करने को लेकर मंगलवार से पूरे राज्य में ‘महाराष्ट्र बचाओ’ आंदोलन शुरु कर रही है. यह निर्णय सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल एवं विधानसभा विरोधी पक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में हुई पार्टी की बैठक में लिया गया.
ऑडिओ ब्रिज के माध्यम से हुई बैठक को विधान परिषद में विरोधी पक्ष नेता प्रवीण दरेकर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री विजय पुराणिक, महासचिव अतुल भातखलकर व आंदोलन के समन्वयक रविंद्र चव्हाण ने संबोधित किया.बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी,सांसद,विधायक, जिला अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी एवं मोर्चा प्रमुख उपस्थित थे. महाविकास आघाड़ी सरकार को जगाने के लिए मंगलवार को भाजपा के जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी मुख्यमंत्री एवं राज्य के सभी जिलाधिकारी व तहसीलदार को ज्ञापन देंगे. शुक्रवार 22 मई को लाखों कार्यकर्ता हाथ में तख्ती लेकर अपने अपने घरों के सामने खड़े रहेंगे.
