मुंबई : मजदूरों से भरा टैंपो पलटा, 19 घायल

मुंबई : लॉकडाउन में फंसे मजदूरों को गांव जाने के लिए सरकार की तरफ से पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की वजह से वे ट्रक, टैंपो, ऑटो रिक्शा सहित अन्य वाहनों से उत्तर प्रदेश, बिहार सहित अन्य प्रदेशों में जा रहे हैं.इसी तरह मुंबई के भांडुप स्थित सोनपुर से 19 लोगों को लेकर उत्तर प्रदेश निकला टैंपो सोमवार को धुले जिले में मध्य प्रदेश की सीमा के पास पलट गया.इस दुर्घटना में सभी घायल हो गये, जिन्हें धुले के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में 4 महिला एवं 3 बच्चों का समावेश है.4 की हालत गंभीर बतायी गयी है.

बताया गया कि भांडुप के सोनापुर में रहकर मेहनत मजदूरी करने वाले आसिफ एवं रईस शनिवार को अपने परिवार के साथ एक टैंपो में सवार होकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिला अंतर्गत हंडिया तहसील स्थित अपने गांव जा रहे थे.बताया गया कि सुबह ड्राइवर ने क्लीनर को टैंपो चलाने के लिए दे दिया.संतुलन खो देने से टैंपो पलट गया.आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला.सभी को धुले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.सूचना मिलने पर मुंबई में रह रहे उनके परिजन धुले पहुंच गए हैं. घायलों के रिश्तेदार आरिफ ने बताया कि 4 की हालत गंभीर है.