मुंबई : कर्मचारियों के लिए हो आवास की व्यवस्था

मुंबई : छत्रपति शिवाजी महाराज हवाई अड्डे पर कार्यरत कर्मचारियों की संख्या को देखते हुए भाजपा विधायक पराग अलवानी ने मांग की कि इन कर्मचारियों के आवास की व्यवस्था हवाई अड्डे के अंदर की जानी चाहिए. उन्होंने मनपा आयुक्त को लिखे पत्र में यह मांग की हैकि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए कर्मचारियों के बाहर निकलने पर वायरस संक्रमण का खतरा हो सकता है. अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और कार्गो संचालन के कारण कई कर्मचारी ड्यूटी के लिए हवाई अड्डे के अंदर होते हैं और यात्रियों के संपर्क में आते हैं.जिससे कर्मचारियों को कोरोना वायरस के संपर्क में आने का खतरा बना रहता है.

विधायक पराग अलवानी ने कहा कि कोरोना वायरस क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी फैल सकता है, क्योंकि यहां पर कई इलाके घनी आबादी वाले हैं. उन्होंने कहा कि इस खतरे के बावजूद कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं. कर्मचारियों की देखभाल करना बहुत जरूरी है. उन्होंने कहा कि एयरलाइंस गुरुवार से विदेश में फंसे भारतीयों को लाना शुरू दी है. एक बार फिर कर्मचारियों के लिए जोखिम बढ़ सकता है. कर्मचारियों की सुरक्षा मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट द्वारा की जाती है.  

उन्होंने पत्र के जरिए कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा जरूरी है. उनके काम के घंटे तय होने चाहिए, भोजन और दवा का उचित प्रावधान भी किया जाए.  उन्होंने पत्र की एक प्रति मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, मुख्य सचिव अजोय मेहता और मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव जैन को भेजी है.