ठाणे : लगातार दूसरे दिन भी जिले में कोरोना मरीजों आंकड़ा पहुंचा शतक के पार

ठाणे : ठाणे जिले का शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है. बुधवार को कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार दूसरी बार शतक के पार पहुंची है.  जबकि दो मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं जिले में कुल पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा एक हजार 512 के ऊपर जा पहुंचा है. जबकि अब तक 40 लोगों की मौत इस बीमारी से हो चुका है. कोरोना के बढ़ते इस संक्रमण से जिला प्रशासन की चिंता बढ़ गई है. ठाणे जिले के ठाणे महानगर पालिका और नवी मुंबई महानगर पालिका क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी कोरोना बाधितों की संख्या सर्वाधिक दर्ज की गई है.  वहीं मीरा भाईंदर महानगर पालिका क्षेत्र में बाधितों की संख्या में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन यहां पर मृतकों की संख्या बढ़ती दिखाई दे रही है. 

वैश्विक महामारी कोरोना का संक्रमण कम हो इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार ने दो बार लॉक डाऊन की घोषणा की. अब दूसरे लॉक डाऊन का कार्यकाल भी खत्म होने में सिर्फ दो दिन ही शेष हैं. लेकिन ठाणे जिले में इस महामारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा हैं. आलम यह है कि शहरी क्षेत्र ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली, मीरा भाईंदर में सबसे अधिक कोरोना के मरीज पाए जा रहे है तो वहीं अब ठाणे ग्रामीण में भी इसका संक्रमण तेजी से बढ़ रहा हैं.

मंगलवार की तरह ही बुधवार को भी ठाणे महानगर पालिका क्षेत्र में 45 कोरोना के पॉजिटिव मरीज मिले है. जबकि दो लोगों की मौत हो गई गई. इस प्रकार ठाणे मनपा क्षेत्र में कुल बाधित मरीजों का आंकड़ा 496 हो गया है और अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी हैं. इसी तरह नवी मुंबई महानगर पालिका क्षेत्र में भी तेजी से इसका आंकड़ा बढ़ रहा है. मंगलवार को यहां पर 45 मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले थे. बुधवार को भी इतने ही मरीज मिले है और यहां पर कुल मरीजों का आंकड़ा  440 हो गया है. वहीं  कल्याण-डोंबिवली मनपा की सीमा में नौ मरीज मिले है और यहां पर कुल बाधितों का आंकड़ा 233 हो गया हैं.  इसी तरह मीरा भाईंदर में छह नए मरीज मिले हैं और कुल बाधितों का आंकड़ा  सहा 196 हो गया है. यहां पर अब तक कुल 7 लोगों की मौत हो चुकी है. इसी प्रकार उल्हासनगर महानगर पालिका क्षेत्र में बाधितों की संख्या 17 हो गई है. वहीं ग्रामीण क्षेत्र में बुधवार को आठ नए संक्रमित मरीज मिले है और यहां पर कुल बाधितों की संख्या 58 तक पहुंच गई है. वहीं बुधवार को बदलापुर, अंबरनाथ और भिवंडी में एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिले हैं जो कि जिला प्रशासन और यहां के नागरिकों के लिए राहत देने वाली खबर है.