मुंबई : सीमा पर शिफ्ट होगी थोक सब्जी मंडी
मुंबई : भीड़ पर नियंत्रण के उद्देश्य से दादर पश्चिम स्थित सेनापती बापट मार्ग की सब्जी मंडी को बंद कर उपनगर में मंडी शुरु की गई थी. उसके बाद भी गर्दी पर नियंत्रण नहीं होने से इन थोक सब्जी मंडी को सीधे मुंबई के जकात नाकों पर शिफ्ट किया जा रहा है. पुराने जकात नाकों पर होलसेल ट्रक खड़ा कर सब्जी की बिक्री की जाएगी. मुंबई में सीधे सब्जी के ट्रक लाने वाले किसानों पर कार्रवाई की जाएगी. एल वार्ड कुर्ला में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. मुंबई में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए थोक सब्जी मंडी भी बंंद करने का निर्णय लिया गया है.
बीएमसी मार्केट विभाग के अधिकारी के अनुसार दादर की थोक सब्जी मंडी में राज्य के दूसरे जिलों से सब्जी के 200 ट्रक आते थे. सब्जी मंडी में लगभग 1 हजार छोटे सब्जी विक्रेता वाहन लेकर मंडी पहुंचते थे. सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने में बीएमसी और पुलिस प्रशासन नाकाम रहा. जिस कारण से दादर की सब्जी मार्केट को बंद कर सोमैया मैदान, बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स एमएमआरडीए मैदान, मुलुंड जकात नाका, दहिसर जकात नाका पर किसानों के लिए सब्जी मार्केट उपलब्ध कराया गया था. अब बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए क्वारंटाइन अस्पताल बनाया जा रहा है. इसलिए सब्जी मार्केट को बंद कर दिया गया है. सोमैया मैदान की सब्जी मार्केट को भी बंद किया जा रहा है.
वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मुंबई महानगरपालिका के सभी जकात नाके बंद होने से बाहर से आने वाले सभी ट्रकों को खड़ा कर सब्जी बेचने की व्यवस्था की जा रही है. इसके लिए मुलुंड, ऐरोली, वाशी-मानखुर्द, दहिसर जाकर मुंबई के सब्जी विक्रेता खरीददारी कर सकते हैं. प्रत्येक होलसेल विक्रेताओं को बीएमसी पास जारी करेगी. पासधारी के अलावा किसी को भी सब्जी बिक्री की अनुमति नहीं होगी.
