मुंबई : कोरोना जांच में दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़ देगा महाराष्ट्र

मुंबई :  कोरोना टेस्टिंग मामले में जल्द महाराष्ट्र दक्षिण कोरिया को भी पछाड़ देगा. जेजे अस्पताल के लैब में जांच की क्षमता बढ़ाने को लेकर कार्य जारी है. मात्र जेजे में ही प्रति दिन 2200 सैंपल की जांच होगी.राज्य में कुल मिलाकर प्रति दिन 12000 सैंपल की जांच होगी.

सरकारी अस्पताल जीटी और सेंटजॉर्ज को Covid-19 अस्पताल घोषित करने के बाद टेस्टिंग का भार जेजे अस्पताल पर आ गया है. जेजे में फिलहाल प्रति दिन 200 सैंपल की जांच की जाती है, लेकिन अब टेस्टिंग की क्षमता को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. मई से लगभग 2200 सैंपल की रोजाना जांच की जाएगी. जांच के मामले में जेजे पुणे के नेशनल  वायरोलॉजी इंस्टिट्यूट को भी पीछे छोड़ देगा. मेडिकल एजुकेशन एंड ड्रग डिपार्टमेंट के सचिव संजय मुख़र्जी ने कहा कि 3 से 4 दिनों के भीतर जेजे में एक बड़ा पीसीआर लैब स्थापित किया जाएगा. राज्य में फिलहाल 48 सरकारी और 29 प्राइवेट लैब हैं जो रोजाना 10000 कोरोना सैंपल की जांच करते हैं. सचिव ने कहा कि दुनिया दक्षिण कोरिया की मिसाल देती है कि वहां रोजाना 10000 टेस्टिंग होती है. अब हम टेस्टिंग के मामले उन्हें भी पीछे छोड़ देंगे.