मुंबई : वैधानिक विकास मंडलों को समय विस्तार दे सरकार

मुंबई : प्रादेशिक असंतुलन दूर करने के लिए अभी भी वैधानिक विकास मंडलों की आवश्यकता है.जिसको देखते हुए इन मंडलों को समय विस्तार देने की मांग विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिख कर की है.

फडणवीस ने मुख्यमंत्री को अलग-अलग दो पत्र लिखा है. पहले पत्र में वैधानिक विकास मंडलों को समय विस्तार देने की मांग की गई है तो दूसरे पत्र में कहा गया है कि लॉकडाउन की कालावधि में राज्य की अर्थव्यवस्था पटरी पर लाने को लेकर उद्योगों को रियायत देते समय आवश्यक प्रक्रियाओं को सरल बना कर विश्वास का वातावरण निर्माण किया जाना चाहिए. देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि प्रादेशिक असंतुलन दूर करने के लिए गठित की गई  राज्य के वैधानिक विकास मंडलों की समय सीमा 30 अप्रैल को समाप्त हो रही है. उन्होंने कहा है कि प्रादेशिक असंतुलन दूर करने में इन मंडलों की भूमिका एवं सहायता महत्वपूर्ण रही है.