मुंबई : पार्सल विशेष ट्रेनों से आय में पश्चिम रेलवे अव्वल
मुंबई : लॉकडाउन के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में आवश्यक वस्तुओं का पार्सल स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से भारतीय रेल की कुल आय 7.87 करोड़ रुपये रही है. जिसमें पश्चिम रेलवे ने अकेले 3.05 करोड़ रुपये का योगदान दिया है, जो सभी जोनल रेलों में कुल कमाई का 39 प्रतिशत है. 1.30 करोड़ रुपये की कमाई के साथ दक्षिण मध्य रेलवे पार्सल ट्रेनों से कमाई के मामले में दूसरे क्रमांक पर रही है.पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक आलोक कंसल ने इस उपलब्धि के लिए सभी सम्बंधित विभागों एवं मंडलों के प्रमुखों और उनकी टीमों की सराहना की है.
पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ रविन्द्र भाकर के अनुसार पश्चिम रेलवे ने एक हेल्पलाइन नम्बर 9004490982 उपलब्ध कराया है, जो किसी भी पार्सल बुकिंग से सम्बंधित सहायता के लिए पश्चिम रेलवे के वाणिज्यिक स्टाफ द्वारा 24×7 संचालित है. इसी उद्देश्य से cmicccg@gmail.com के पते वाली एक ई-मेल आईडी भी बनाई गई है, ताकि अपने पार्सलों को आसानी से बुक कर सकें.अप्रैल में 4076 संस्थाओं और व्यक्तियों के साथ सम्पर्क किया गया है, जिनमें 599 राज्य और केंद्रीय सरकार की एजेंसियांजैसे जिला कलेक्टर, कृषि अधिकारी आदि, 342 ई-कॉमर्स कंपनियां अमेज़ॅन, फ्लिपकार्ट आदि, 1679 मौजूदा लीज धारक जो रेलवे और रेलवे से सम्बंधित हैं.1456 अन्य एजेंसियां जैसे फार्मा, मछली व्यापारी आदि शामिल हैं. भाकर ने बताया कि कर्मचारियों को यह भी सलाह दी गई है कि वे सभी पैकेजों को समय पर उतारने के लिए कार्रवाई करें.कर्मचारियों के साथ-साथ लोडरों को सामाजिक दूरी, मास्क पहनने और बार-बार हाथ धोने की सलाह दी जा रही है.
भाकर ने बताया कि दो सेवाओं वाली एक और पार्सल विशेष ट्रेन को कांकरिया और कटक के बीच चलाने की योजना बनाई गई है. ट्रेन संख्या 00941 कांकरिया – कटक 24 अप्रैल को कांकरिया से 18.30 बजे प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन 2.30 बजे कटक पहुंचेगी.ट्रेन नम्बर 00942 कटक से 27 अप्रैल को 19.30 बजे प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन 03.15 बजे कांकरिया पहुंचेगी. ट्रेन दोनों दिशाओं में आणंद, रतलाम, उज्जैन, संत हिरदाराम नगर, बीना, कटनी मुरवारा, बिलासपुर, झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर सिटी और तालचेर रोड स्टेशनों पर रुकेगी. इस बीच पूर्व में घोषित सूरत – भागलपुर-सूरत पार्सल विशेष ट्रेन की कुछ सेवाओं को रद्द कर दिया गया है. सूरत से निकलने वाली ट्रेन नम्बर 00917 विशेष ट्रेन की 22, 24, 26 और 28 अप्रैल को निर्धारित और इसी तरह भागलपुर से निकलने वाली ट्रेन नंबर 00918 पार्सल विशेष ट्रेन की 24, 26, 28 और 30 अप्रैल की सेवाओं को रद्द कर दिया गया है.
