मुंबई : 6 दिनों में 90,000 जरूरतमंदों की मदद
मुंबई : कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदम को सफलता तक पहुंचाने के लिए पुलिस प्रशासन दिन-रात नागरिकों की सुरक्षा में जुटा हुआ है. लाकडाउन के चलते नागरिकों को हो रही परेशानियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर जरूरतमंदों को राहत सामग्री पहुंचाई है. पिछले 6 दिनों में सिटी पुलिस ने 90,000 से भी अधिक नागरिकों की मदद की. पुलिस ने नागरिकों को जीवनावश्यक वस्तुओं के साथ अनाज, भोजन, मास्क, सैनिटाइजर, हैन्डवॉश और महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड का वितरण किया. इस कार्य में सामाजिक संस्थाओं ने भी बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लेकर घर में बैठी जनता तक राहत सामग्री पहुंचाई.
सिटी के मेयो और मेडिकल अस्पताल में अब तक 16 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल तक देश में लाकडाउन लगा दिया है. इसकी शुरुआत 27 मार्च से हो गई थी. लाकडाउन के चलते कई परप्रांतीय छात्र अपने घर नहीं जा पाए. वहीं घर से बाहर नहीं निकलने के कारण दैनिक मजदूरी करने वाले कामगारों के घरों में राशन की किल्लत हो गई थी. लाकडाउन के चलते आमदनी बंद और घर में अनाज नहीं होने के कारण गरीब नागरिक चिंता में पड़ गए थे. ऐसे में प्रशासन ने संस्थाओं के साथ मिलकर स्लम परिसरों में जाकर भोजन के साथ जीवनावश्यक वस्तुएं दान कीं. इनमें ट्रक ड्राइवर, परप्रांतीय छात्र, कामगार, महिला, सहारा निवास के नागरिक, मेट्रो कामगार, विधवा महिलाएं, फुटपाथ के भिखारी, झोपड़पट्टी के गरीब निवासियों को मदद की गई. इसके अलावा पुलिस अधिकारी व कर्मचारी, आमदार निवास के क्वारंटाइन सेन्टर में वैद्यकीय सेवा देने वाले कर्मचारियों को मास्क और सैनिटाइजर बांटे गए. लाकडाउन खत्म होने तक इसी प्रकार हर दिन नागरिकों की सहायता की जाएगी.
पुलिस प्रशासन ने जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने के लिए ‘कोरोना एनजीओ पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन’ नाम से एक वाटस्एप ग्रुप तैयार किया गया है. इस ग्रुप में सिटी की विविध 65 संस्थाओं के 247 सदस्य जुड़े हैं. इनमें गुरुनानक दरबार, जमात-ए-इस्लामी हिंद, डी.पी. जैन फाउंडेशन, वाडी किचन, साईं आस्था फाउंडेशन, नागपुर होटल ओनर्स एसोसिएशन, लायन्स क्लब, प्रियदर्शिनी सम्राट अशोक बहुउद्देशीय संस्था, सेव्ह आवर सोल्स, दिगंबर जैन समाज आदि के प्रतिनिधि शामिल हैं.
इससे के साथ मदद पहुंचाने के लिए पुलिस प्रशासन के साइबर सेल में काल सेन्टर शुरू किया गया है, जिसमें 2 सहायक पुलिस निरीक्षक और 7 पुलिस कर्मचारी कार्यरत हैं. काल सेन्टर पर सूचना आने के बाद स्वामी विवेकानंद स्मारक का निर्माण कार्य कर रहे 20-25 कामगारों को एमआईडीसी क्षेत्र में छोड़कर उन्हें भोजन दान किया गया. वहीं एमपी पैदल जा रहे कामगारों को समझाकर एमआईडीसी में छोड़ा गया और उन्हें 15 दिनों का राशन दिया गया. लोगों 2 बार भोजन और जीवनावश्यक वस्तु मिल सके इसके लिए सिटी के 33 पुलिस थानों में 58 पूर्व सैनिक, एनसीसी गोल्डन ग्रुप के 98 सदस्य आदि सेवानिवृत्त कर्मचारी कार्य कर रहे हैं.
