उल्हासनगर : गरीबों को भोजन बांटेगी सामाजिक संस्थाएं

उल्हासनगर : कोरोना महामारी से निपटने के लिए शहर में लॉकडाउन लागू है. ऐसे में जो लोग गरीब और रोज मेहनत करके खाने वाले हैं, उनको हो रही परेशानी के मद्देनजर अब अनेक सामाजिक, धार्मिक संस्थाएं व कुछ एनजीओ सामने आ गए हैं. मनपा प्रशासन की मंजूरी मिलते ही संबंधितों ने सेवा का कार्य प्रारंभ भी कर दिया है. शहर के कई दानदाताओं, सामाजिक संस्थाओं ने उक्त कार्य करने के लिए उल्हासनगर मनपा आयुक्त से अनुमति मांगी थी. आखिरकार मनपा आयुक्त सुधाकर देशमुख ने सरकारी गाइड लाइन के मुताबिक संस्थाओं को मंजूरी प्रदान कर दी है. अब सामाजिक संस्था  ज़रूरतमंदों को राशन और खाने के पैकेट बांट सकते हैं. पहले 3-4 दिन भुखमरी के कगार तक पहुंच चुके गरीबों के लिए यह राहत की खबर है.

स्वयंसेवकों को डिस्टेंसिंग मेंटेन रखना होगा, घर-घर जाकर बांटना होगा, न कि सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को जमा करें, ट्रे को निर्जन्तुक किया जाए, सोशल डिस्टन्स मार्किंग की जाए, फेसमास्क, दस्ताने पहनकर चारपहिया वाहनों का ही इस्तेमाल करना होगा.  स्वयंसेवकों को उल्हासनगर मनपा की तरफ से पहचानपत्र दिए जा रहे हैं. उन्हें उसी काम के लिए इस्तेमाल करना है, किसी अन्य कार्य के लिए नहीं. कार्य समापन  के बाद पहचानपत्र वापस मनपा को सौंपने हैं. इस तरह का निर्देश पत्र भी मनपा  आयुक्त की तरफ से प्राप्त हुआ है.