भिवंडी : भिवंडी स्टेशन पर कोरोना जागरूकता अभियान
भिवंडी : भिवंडी रोड रेल स्टेशन पर रेल मंत्रालय, आरपीएफ व भिवंडी मनपा द्वारा कोरोना वायरस से बचाव हेतु जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. आरपीएफ कर्मी भिवंडी में रुकने वाली तमाम गाड़ियों के यात्रियों को कोरोना वायरस के प्रति सावधान करते हुए सावधानी बरते जाने की अपील कर रहे हैं. भिवंडी रोड स्टेशन आरपीएफ थाना वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक एच. बी. कुमार के अनुसार, कोरोना वायरस से बचाव हेतु रेल मंत्रालय द्वारा अहम कदम उठाए गए हैं. भिवंडी से गुजरने वाली मेल, एक्सप्रेस, डीएमयू गाड़ियों में यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को स्टेशन से अनाउंसमेंट कर कोरोना वायरस से बचाव हेतु जागरूक किया जा रहा है एवं सावधानी बरते जाने की अपील की जा रही है. भिवंडी स्टेशन पर कार्यरत आरपीएफ कर्मी मुंह पर मास्क लगाए लाउडस्पीकर द्वारा यात्रियों को कोरोना वायरस से बचाव हेतु सावधानी व एहतियात बरते जाने की अपील कर रहे हैं.
दिवा-वसई, पनवेल, डीएमयू ट्रेन से प्रतिदिन सफर करने वाले यात्री रणधीर सिंह, सुरेंद्र मिश्रा, पुष्पा सिंह, हरिप्रसाद सिंह, अमला सिंह, बलवंत सिंह, कपिल देव तिवारी रामलखन चौबे, शिवपूजन कुमार, सत्या देवी, इमरती देवी आदि दर्जनों यात्रियों ने बताया कि रेल मंत्रालय द्वारा भिवंडी रोड स्टेशन पर कोरोना वायरस से बचाव हेतु बेहद जरूरी समुचित तरीके से हाथ धोने के लिए भी ठीक से सुविधा नहीं है. रेल टिकट स्टाफ को भी सुरक्षा हेतु मास्क प्रदान नहीं किया गया है. टिकट काउंटर पर टिकट लेने हेतु दर्जनों यात्री हमेशा खड़े रहते हैं बावजूद टिकट काउंटर पर बैठे क्लर्क का जीवन ही धोखे में होने के बाद भी रेल मंत्रालय द्वारा रेलवे स्टाफ को भी मास्क मुहैया नहीं कराया गया है और न तो प्लेटफॉर्म पर हाथ साफ करने हेतु कहीं भी सैनिटाइजर रेलवे स्टाफ एवं यात्रियों की सुविधा के लिए रखा गया है.
