नवी मुंबई : सत्ताधारी सरकार बदलवा रही वोटर लिस्ट!
नवी मुंबई : सत्ताधारी महाविकास आघाड़ी की सरकार कुछ मनपा अधिकारियों के जरिए नवी मुंबई के मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से गायब करवा रही है. ऐसा संगीन आरोप लगाते हुए नवी मुंबई भाजपा ने मनपा आयुक्त और निर्वाचन विभाग में शिकायत की है. आरोप है कि कुछ मनपा अधिकारी सत्ताधारी सरकार के इशारे पर काम करते हुए नवी मुंबई मनपा चुनाव से पहले ही मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी फैलाने में जुटे हैं. इसके कई सबूत भी सामने आने लगे हैं.
अप्रैल में होने वाले नवी मुंबई महानगर पालिका चुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूची में तकरीबन 99 फीसदी प्रभागों में वोटरों के नाम दूसरे प्रभागों में शिफ्ट कर दिए गए हैं, जहां के वे रहिवासी ही नहीं हैं. भाजपा के वरिष्ठ नगरसेवक देवीदास हांडे पाटिल ने इसके लिए कुछ सीनियर मनपा अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मनपा आयुक्त और निर्वाचन अधिकारी से इस धांधली को रोकने और शिफ्ट किए गए वोटरों के नाम पुनः उनके निवास प्रभाग की मतदाता सूची में शामिल करने की मांग की है. हालांकि इस पर मनपा आयुक्त क्या कार्रवाई करेंगे इस पर सबकी निगाहें लगी हैं. बता दें कि बीते लोकसभा व विधान सभा चुनाव के बाद मनपा की मतदाता सूची में कोई बदलाव नहीं किया गया है. फिर भी 2020 के मनपा चुनाव से पहले राजनीतिक फायदे के लिए ऐसी गड़बड़ियां की जा रही हैं. तुर्भे के प्रभाग क्रमांक 69 एवं नेरुल के प्रभाग क्रमांक 88 में ऐसी धांधली की शिकायत सामने आई है.
