मुंब्रा : महावितरण का जाना, रास नहीं आ रहा पुराने ठेकेदारों को

मुंब्रा : टोरेंट पावर कंपनी द्वारा कलवा, मुंब्रा और शील दिवा विभाग का कार्यभार संभालने क बाद से अचानक बिजली कटौती की समस्या पैदा हो जाने से नागरिकों के साथ टोरेंट के अधिकारी और कर्मचारी भी आश्चर्य चकित हैं कि आखिर वजह क्या है. जिसको लेकर टोरेंट के जनसंपर्क अधिकारी का  आरोप है कि बिजली आपूर्ति संसाधनों के साथ पुराने ठेकेदार गड़बड़ी और छेड़छाड़ कर रहे हैं. कंपनी कर्मचारी तथा अधिकारी जिस भी इलाके में समस्या तकनीकी कारण से आपूर्ति में बाधा पैदा हो रही है उसकी मरम्मत करने में दिन रात जुटे हुए हैं. उल्लेखनीय है कि एक मार्च से कलवा, मुंब्रा तथा शील बिभाग में बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी टोरेंट पावर के हाथ में आ गयी है. इसके बाद से बिजली गुल होने की समस्या पैदा हो रही है. जनसंपर्क अधिकारी का कहना है कि फीडर या बिजली बाक्स में कुछ तकनीकी फाल्ट होने पर दुरुस्त करने का काम तत्काल शुरू कर दिया जा रहा है.

उनका कहना है कि इसके पूर्व बिजली वितरण कंपनी द्वारा जो ठेकेदार नियुक्त किये गए थे वे मरम्मत और मीटर लगाने से लेकर बिलिंग तक का काम किया करते थे, लेकिन टोरेंट के आने के बाद वे सभी बेरोजगार हो गए हैं. जिसके चलते  टोरेंट की छबि खराब करने के लिए संयंत्रों के साथ छेड़छाड़ कर आपूर्ति में बाधा पहुंचा रहे हैं. जिसको लेकर अब विशेष ध्यान दिया जा रहा है. जो कर्मचारी बिजली आपूर्ति सेवा में तैनात किये गए हैं. उनको इलाके की  जानकारी न होने से भी दिक्कत पैदा हो रही है. जब भी किसी इलाके में बिजली आपूर्ति बंद होने की सूचना मिलती है, कर्मचारी तत्काल  निकलते हैं, लेकिन इमारत या परिसर की सही जानकारी न होने से दुसरी जगह पर पहुंच जाते हैं. लेकिन जानकारी हो जाने पर इनको परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.