मुंबई : बीएमसी में भी 5 दिन का सप्ताह !
मुंबई : राज्य सरकार ने 1 मार्च से सरकारी कार्यालयों में 5 दिन का सप्ताह लागू करने का फैसला किया है. बीएमसी कर्मचारी भी 5 दिन का सप्ताह लागू किए जाने की प्रतीक्षा में थे. राज्य सरकार ने सोमवार को 5 दिन का सप्ताह लागू करने के संबंध में अधिसूचना जारी की है. इस अधिसूचना की प्रति बीएमसी आयुक्त को भी प्राप्त हुई है, लेकिन बीएमसी में 5 दिन का सप्ताह लागू होने में अभी समय लग सकता है. मनपा अधिकारी के अनुसार बीएमसी में शासनादेश लागू करने से पहले बीएमसी आम सभा की मंजूरी लेना जरुरी है. पॉलिसी मैटर होने के कारण जब तक आमसभा मंजूरी नहीं देती तब तक इसे लागू नहीं किया जा सकता. 5 मार्च को बीएमसी की आम सभा की बैठक है.
बीएमसी आयुक्त की तरफ से यह प्रस्ताव आम सभा में रखा जाता है तो इसे मंजूरी मिल सकती है. वैसे बीएमसी में दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है. बीएमसी कर्मचारियों को कानून लागू होने के बाद सप्ताह में पांच ही दिन काम करना होगा ,लेकिन इसके बदले उन्हें रोजाना 45 मिनट अधिक काम करना पड़ेगा. सप्ताह में 5 दिन की छुट्टी का लाभ से स्वास्थ्य , सामान्य प्रशासन, ऊर्जा , फायर ब्रिगेड , सफाई कर्मचारियों और शिक्षा संस्थानों को अलग रखा गया है.
