मौजपुर के बाद अब करावल नगर में पथराव, कई वाहनों में तोड़फोड़

दिल्ली : दिल्ली में नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) को लेकर एक बार फिर से बवाल तेज हो गया है. रविवार को सीएए समर्थक और विरोधी आमने-सामने आ गए. रविवार को पहले दिल्ली के मौजपुर इलाके में पथराव हुआ और रात को करावल नगर में पत्थरबाजी देखने को मिली. पथराव की इन घटनाओं में कई लोग घायल हो गए हैं. इसके अलावा कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है. इस बीच तनाव को देखते हुए जाफराबाद और मौजपुर-बाबरपुर मेट्रो स्टेशन को सुरक्षा कारणों से बंद किया गया है. इन मेट्रो स्टेशनों से एंट्री और एग्जिट बंद कर दी गई है. दिल्ली के मालवीय नगर में कई जगह प्रदर्शन किया गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ट्रैफिक जाम करने की भी कोशिश की. प्रदर्शनकारियों ने एक हॉस्पिटल के सामने भी ट्रैफिक जाम करने का प्रयास किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता भी की. इतना ही नहीं, महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की गई. इसमें कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए.

दरअसल, शनिवार देर रात शाहीन बाग की तर्ज पर जाफराबाद में मुस्लिम महिलाएं नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ धरना में  बैठ गईं. साथ ही जाफराबाद में सड़क को बंद कर दिया. इसके बाद चांद बाग में भी मुस्लिम महिलाएं धरना देने लगीं और सड़क को जाम कर दिया. इससे लोगों को दिक्कत होने लगी और लोग सड़क बंद करने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे. मालवीय नगर के करीब हौज रानी में लोगों का आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया है. डीसीपी का कहना है कि लाठीचार्ज के आरोप की वो जांच करेंगे. इसी तरह रविवार दोपहर करीब तीन बजे जाफराबाद से आधा किलोमीटर दूर मौजपुर में सीएए के समर्थन में लोग सड़क पर निकल आए. भारतीय जनता पार्टी के नेता कपिल मिश्रा भी अपने समर्थकों के साथ सड़क पर उतरे. सीएए समर्थकों ने रास्ता बंद करने के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस धरना प्रदर्शन में बीजेपी नेता कपिल मिश्रा भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हो गए.