मुंबई : मेट्रो के लिए हटेगी पाइप लाइन
मुंबई : मुंबई और उपनगर में चल रहे मेट्रो के कारण पानी की पाइप लाइन को बड़ा नुकसान पहुंचा था. मेट्रो पिलर के लिए ड्रीलिंग करते समय 60 फुट नीचे पाइप लाइन टूट गई थी जिसकी मरम्मत करने में कई दिन लगे. अब जिस जगह पर मेट्रो का काम चल रहा है उस स्थान पर आने वाली पाइप लाइन का स्थान बदला जाएगा. पाइप लाइन हटाने और मरम्मत के लिए एमएमआरडीए बीएमसी को 65 करोड़ 20 लाख रुपए का भुगतान करेगा.
मेट्रो 2 ए परियोजना में बाधा बनने वाली पानी की पाइप लाइन को शिफ्ट करने का खर्च एमएमआरडीए को उठाना पड़ रहा है. बोरीवली पश्चिम स्थित लिंक रोड़ महावीर नगर जंक्शन से देवकी नगर जंक्शन से डी मार्ट कांदरपाडा लिंक रोड तक 900 मिमी व्यास की पाइप लाइन को बदला जाएगा. यह पाइप लाइन मेट्रो 2 ए मार्ग के नीचे से जा रही है इसलिए इसे हटाना जरुरी हो गया है. पाइप लाइन को हटाने के लिए एमएमआरडीए और बीएमसी प्रशासन के बीच बैठक हुई जिसमें पाइप लाइन हटाने का निर्णय किया गया. पाइप लाइन हटाने पर आने वाला पूरा खर्च एमएमआरडीए उठाने को तैयार हुआ है. इस लाइन को हटाने पर 65 करोड़ 20 लाख रुपए खर्च आने वाला है. बीएमसी ने इसके लिए निविदा मंगाई थी जिसके लिए 5 ठेकेदारों ने सकारात्मक प्रतिसाद दिखाया है. सबसे कम निविदा भरने वाले मेसर्स .आर.ए.घुले कंपनी को निविदा देने की सिफारिश बीएमसी प्रशासन ने की है.
