महापोर्टल बंद, ठाकरे सरकार का फैसला
मुंबई : महाराष्ट्र की ठाकरे सरकार एक -एक कर फडणवीस सरकार के सभी अहम फैसलों को पलटने में लगी है. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पिछली सरकार द्वारा युवाओं को सरकारी नौकरी देने के लिए शुरू की गई 'महापोर्टल' को बंद करने का फैसला लिया है. इस पोर्टल को लेकर छात्रों व नेताओं से लगातार शिकायतें मिल रही थी. पिछली सरकार के कार्यकाल में सभी प्रशासनिक विभागों ने इस पोर्टल के माध्यम से बी और सी समूहों के कर्मचारियों की भर्ती की थी. बाद में इस परीक्षा पोर्टल में बड़े पैमाने पर घोटाले के आरोप लगे थे. राकां सांसद सुप्रिया सुले और प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सत्यजीत तांबे ने भी ठाकरे सरकार से महापोर्टल को बंद करने की मांग की थी.
पिछली सरकार ने सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता लाने को लेकर ऑनलाइन आवेदन करने के लिए 'महासेवा पोर्टल को लांच किया था, लेकिन कई उम्मीदवारों की शिकायत थी कि यह पोर्टल उनकी मदद करने के बजाय समस्याएं पैदा कर रहा है. ठाकरे सरकार ने कहा कि इस पोर्टल की ऑफलाइन जांच के अलावा अन्य कामों के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारी नहीं है. इसलिए इसे बंद करने का फैसला लिया गया है.
