शिवमंदिर में दर्शन करने गए भक्त से ठगी

मुंब्रा. मंदिर में दर्शन के लिए गए हुए एक व्यक्ति को प्रसाद में नशे की दवा खिलाकर बदमाश मारुति कार समेत गले की चेन व नगदी समेटकर पलायन कर गए. यह घटना खिड़काली स्थित प्रसिद्ध खिड़कालेश्वर शिव मंदिर परिसर में हुई बताई गई है. मिली जानकारी के अनुसार डोंबिवली के मानपाड़ा,  पेंडसे नगर परिसर स्थित जयगणेश बिल्डिंग में रहने वाले 50 वर्षीय   वेंकटरामन रंगनाथन   डोंबिंवली-कल्याण मार्ग पर खिड़काली गांव स्थित  खिडकालेश्वर मंदिर में  दर्शन करने के लिए गए थे. इस दौरान 2 अज्ञात लोगों ने प्रसाद के रूप में पेड़ा दिया और लिफ्ट मांग कर उनके साथ कार में बैठ कर सवार हुए.

 कल्याण पहुंचने पर नशीला पेड़ा खाकर बेहोश हो गए रंगनाथन को बदमाशों ने कार से बाहर धकेल दिया और 1 लाख 50 हजार की मारुति स्विफ्ट कार, गले में पहनी हुई सोने की चेन और  17 हजार नगद समेत 2 लाख 17 हजार रुपये का माल समेट कर पलायन कर गए. इस घटना को लेकर रंगनाथन ने शील डायघर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत जाधव ने इस आशय की जानकारी दी. सहायक पुलिस निरीक्षक भूषण कापड़नीस इस मामले की जांच कर रहे हैं.