चिट्टा सप्लाई करने का मुख्य सरगना दिल्ली से गिरफ्तार, ऐसे चला रहा था नशे का नेटवर्क
दिल्ली : फेसबुक मेसेंजर और व्हाट्सएप के जरिये चिट्टा सप्लाई करने वाले गिरोह का मुख्य सरगना कुल्लू पुलिस ने दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। वह गोवा जाने की फिराक में था। पुलिस आरपीएफ की मदद से नाइजीरियन डेविड को एनडीपीएस की धारा 29 के तहत गिरफ्तार कर कुल्लू लाई है। पुलिस अभी तक नौ विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर चुकी है। कुल्लू पहुंच रही चिट्टे की खेप और इसकी तस्करी को लेकर पकड़े आठ अफ्रीकी नागरिकों से पूछताछ के बाद मुख्य सरगना डेविड उर्फ ओबिआको उगोचुकु जॉन पकड़ा गया है।
वह आठों आरोपियों को चिट्टे की पैडलिंग करने के लिए इस्तेमाल करता था। पुलिस ने दिसंबर 2019 में चिट्टे के साथ कुलदीप नामक युवक को गिरफ्तार किया था। उसने नाइजीरियन आरोपी इब्राहिम से हेरोइन सप्लाई की डील की थी। इब्राहिम ने आरोपी ओलिशा के साथ मिलकर डेविड से चिट्टा लेकर कुलदीप को बेचा। डेविड सभी नाइजीरियनों को हीरोइन की सप्लाई करता था। वे इसे हिमाचली युवाओं को बेचते थे।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि अगस्त से दिसंबर 2019 तक प्रदेश के 10 चिट्टा तस्करों ने डेविड से डील की थी। डेविड चिट्टा तस्करी के लिए फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था, जो नंबर कई अन्य राज्यों में पंजीकृत थे। एसपी ने कहा कि डेविड ने फेसबुक मेसेंजर और व्हाट्सएप पर अफ्रीकन लोगों के ग्रुप बनाए थे। हिमाचल के साथ भूटान और नेपाल के लिए चिट्टा की सप्लाई की जाती थी।
एएसआई चमन ठाकुर की अगुवाई में हेडकांस्टेबल विजय, हेमंत, राजेश तथा संदीप राणा ने आरपीएफ के साथ मिलकर दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आरोपी को दबोचा। उसे शुक्रवार को कुल्लू लाया गया। उसके पास पासपोर्ट या वीजा नहीं पाया गया। एसपी ने कहा कि आरोपी को 2018 में दिल्ली में 100 ग्राम चिट्टा तस्करी तथा गोवा में आईपीसी की धारा 420 के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है।
